रविवार, 2 फ़रवरी 2020

जैसलमेर, 6 से 9 फरवरी तक जैसलमेर में रहेगी मरु महोत्सव की धूम, परंपरागत उत्सवी आयोजन बिखेंरेंगे आकर्षण, उमड़ेगा देशी-विदेशी सैलानियों का ज्वार

जैसलमेर, 6 से 9 फरवरी तक जैसलमेर में रहेगी मरु महोत्सव की धूम,

परंपरागत उत्सवी आयोजन बिखेंरेंगे आकर्षण,

उमड़ेगा देशी-विदेशी सैलानियों का ज्वार

जैसलमेर, 2 फरवरी/विश्वविख्यात मरु महोत्सव आगामी 6 से 9 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा। इसे लेकर हर स्तर पर व्यापक तैयारियों की जा रही हैं। मरु महोत्सव के अन्तर्गत जिले में विभिन्न स्थानोंं पर 4 दिन तक बहुआयामी मनोहारी आयोजनों की जबर्दस्त धूम रहेगी।

6 फरवरी को पूर्वाह्न में पोकरण में विभिन्न कार्यक्रम

जिला कलक्टर नमित मेहता ने मरु महोत्सव के चार दिवसीय कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि पहले दिन 6 फरवरी, गुरुवार को पोकरण में प्रातः 10 बजे गांधी चौक से शोभायात्रा निकलेगी जो कि राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पहुंचकर सम्पन्न होगी, जहां प्रातः 11 बजे से मेहन्दी, माण्डना, रंगोली, चित्रकारी प्रतियोगिताएं, कबड्डी मटका दौड़, पुरुष एवं महिला वर्ग में रस्सा कशी तथा लोक कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।

शाम को जैसलमेर में विभिन्न आयोजन

6 फरवरी, गुरुवार की शाम 5.30 बजे गडसीसर झील पर दीपदान एवं चित्रकारी प्रतियोगिता,  शाम 6.30 बजे गडीसर लेक से सोनार दुर्ग स्थित श्री लक्ष्मीनाथजी मन्दिर तक हेरिटेज वॉक का कार्यक्रम होगा। इसके उपरान्त शाम 7.30 बजे से रात्रि 10 बजे तक लेजर शो, लोक कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होेंगी।

7 फरवरी, शुक्रवार को विभिन्न कार्यक्रम

7 फरवरी, शुक्रवार को प्रातः 9 बजे जैसलमेर सोनार दुर्ग से शोभायात्रा निकलेगी और शहीद पूनमसिंह स्टेडियम पहुंचेंगी जहाँ प्रातः 11 बजे मरु महोत्सव का उद्घाटन होगा। इस दौरान लोक कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इसके उपरान्त विभिन्न प्रतियोगिताएं होंगी। इनमें भारतीय एवं विदेशियों में साफा बांधो, मूमल महेन्द्रा, मूँछ, मिस मूमल, मरु श्री, विदेशी पर्यटकों के लिए वेशभूषा की प्रतियोगिताएं तथा, सेण्ड आर्ट डिस्प्ले का कार्यक्रम निर्धारित है।

शाम 7 से रात्रि 10 बजे तक शहीद पूनमसिंह स्टेडियम में मशहूर लोक कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम, पूरणचन्द वड़ाली एवं लखविन्दरसिंह वड़ाली द्वारा सेलिब्रिटी म्यूजिकल नाईट का कार्यक्रम होगा।

8 फरवरी, शनिवार को डेडानसर में आकर्षक स्पर्धाएं

तीसरे दिन 8 फरवरी, शनिवार को प्रातः 9 बजे डेडानसर में विभिन्न मनोहारी स्पर्धाएं शुरू होंगी। इसमेंं ऊँट श्रृंगार, शान ए मरुधर, रस्साकशी(भारतीय एवं विदेशी महिला पुरुषों के लिए) प्रतियोगिताएं, आर्मी बैण्ड प्रदर्शन, एयरफोर्स द्वारा एयर वारियर ड्रिल शो, केमल पोलो मैच, कबड्डी, महिलाओं के लिए पणिहारी मटका रेस, बीएसएफ द्वारा केमल टेटू शो के कार्यक्रम होंगे।

अपराह्न मेंं खुहड़ी में शुरू होंगे कार्यक्रम

शनिवार अपराह्न 3.30 बजे खुहड़ी में रेत के धोरों पर केमल रेस शो, रस्साकशी, सेण्ड आर्ट डिस्प्ले एवं अन्य कार्यक्रम होंगे।  शाम 6.30 बजे लोक कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके उपरान्त आतिशबाजी होगी।

अंतिम दिन रविवार को कुलधरा, दामोदरा और सम में होंगे कार्यक्रम

मरु महोत्सव के चौथे और अंतिम दिन 9 फरवरी, रविवार को प्रातः 10 बजे कुलधरा में केटल शो, वाल पेन्टिंग, रंगोली, माण्डना आदि के कार्यक्रम होंगे। इसके उपरान्त दामोदरा रण ने प्रातः 11 बजे श्री लक्ष्मीनाथ होर्स रेस एवं डान्स शो होगा।  इसके बाद सम में विभिन्न कार्यक्रम होंगे। इनें प्रातः 10 से शाम 6 बजे तक सम के धोरों पर काईट फ्लाइंग शो होेगा।

अपराह्न 3 बजे सम में पुरुष ग्रामीणों और विदेशियों के बीच रस्साकशी, केमल डांस, होर्स डांस, ऊँट दौड़, सेण्ड आर्ट डिस्प्ले आदि होंगे। शाम को 6 बजे से लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों से विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू होंगे। शाम 7 से 8 बजे तक सम के धोरों पर ‘‘धोरों की झंकार’’ कार्यक्रम होगा। इसमें 1 हजार लंगा, मांगणियार एवं अन्य लोक कलाकार एक साथ अपनी सामूहिक प्रस्तुति देकर विश्व रिकार्ड बनाएंगे।

रात्रि 8 बजे रिचा शर्मा की सेलिब्रिटी म्यूजिकल नाईट का आकर्षक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा। रात्रि 10 बजे सम के धोरों पर ही रंगबिरंगी आतिशबाजी से मरु महोत्सव का समापन होगा। खाभा फोर्ट पर मरु महोत्सव के अन्तर्गत रोजाना शाम 5 से 6 बजे तक पिकॉक साइटिंग पपेट शो का कार्यक्रम होगा।

---000---

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें