बुधवार, 27 नवंबर 2013

शादी नहीं हुई तो देवर ने भाभी पर तेजाब फेंका

कोटा। उद्योग नगर थाना इलाके के प्रेमनगर (द्वितीय) में बुधवार सुबह एक देवर ने अपनी ही भाभी पर तेजाब फेंक दिया। गंभीर रूप से झुलसी महिला को एमबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया।
पुलिस ने बताया कि मीरां बैरवा (30) सुबह घर पर ही थी। उसका पति राजेश व ससुर रोजाना की तरह काम पर जा चुके थे, जबकि देवर सत्यनारायण घर पर ही था। सत्यनारायण की शादी नहीं हो पा रही, इसलिए वह आए दिन विवाद करता है।

सुबह भी उसने ऎसा ही किया। इस बात पर मीरां व सत्यनारायण में बहस हो गई। मीरां बर्तन मांज रही थी, तभी देवर सत्यनारायण कहीं से तेजाब ले आया और उस पर फेंक दिया। झुलसने से महिला चिल्लाई तो पड़ोसी एकत्र हो गए और महिला को एमबीएस अस्पताल पहुंचाया। वहीं मौके से सत्यनारायण फरार हो गया।

चेहरे, हाथ व कंधे पर महिला करीब 40 फीसदी झुलसी है, उसे अस्पताल के फीमेल सर्जिकल वार्ड में भर्ती किया है। पुलिस ने अभियुक्त सत्यनारायण के खिलाफ जानलेवा हमले के आरोप में प्रकरण दर्ज किया है।

घटना की सूचना के साथ ही पुलिस हरकत में आ गई। एक अधिकारी अस्पताल पहुंचे तो एक मौके पर गए। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि सत्यनारायण दौड़ता हुआ गया। उसे पकड़ने का भी प्रयास किया, लेकिन वह धकेलता हुआ निकल गया। उसकी तलाश में पुलिस की एक टीम लगी हुई है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें