बुधवार, 1 मई 2013

महिला कांस्टेबल ने लगाया रेप का आरोप

महिला कांस्टेबल ने लगाया रेप का आरोप

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की एक महिला कांस्टेबल ने बुधवार को अपने वरिष्ठ पर शादी का वादा करके रेप करने का आरोप लगाया है। इस कांस्टेबल ने मंगलवार को जहर खाकर खुदकुशी की कोशिश की थी, जिसे अचेतावस्था में अस्पताल में दाखिल कराया गया था। महिला कांस्टेबल ने पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास पुलिस थाने में सब-इंस्पेक्टर विशेष खोखर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। खोखर फिलहाल फरार है।

महिला कांस्टेबल की खोखर के साथ दोस्ती वर्ष 2010 में राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान हुई थी। तभी से दोनों किराए के मकान में लिव-इन में साथ रह रहे थे। पिछले कुछ महीने से खोखर महिला कांस्टेबल की उपेक्षा कर रहा था। उसने महिला से यह भी कहा कि वह उससे शादी नहीं करेगा।

पुलिस के अनुसार, महिला कांस्टेबल ने मंगलवार को जहर खाकर खुदकुशी करने की कोशिश की। वह अपने घर के पास के बस स्टॉप के नजदीक अचेतावस्था में मिली, जहां से उसे अस्पताल ले जाया गया। उसने अस्पताल में अपना बयान दर्ज कराया। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि खोखर की तलाश के लिए एक टीम का गठन किया गया है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें