सोमवार, 29 अप्रैल 2013

हौद में डूबने से तीन कारिंदों की मौत


हौद में डूबने से तीन कारिंदों की मौत 



अजमेर।दरगाह क्षेत्र में मध्य रात्रि बाद एक गेस्ट हाउस के गंदे पानी के हौद से तीन लाशें मिलने से सनसनी फैल गई। हौद की सफाई करने के दौरान यह हादसा पेश आया। गेस्ट हाउस का एक कारिंदा रविवार रात हौद की सफाई करते समय हादसे का शिकार हुआ जबकि दो अन्य उसकी जान बचाने की कोशिश में काल का ग्रास बन गए। हादसे की सूचना पाकर पहुंचे दरगाह थाना पुलिस ने शवों को बाहर निकाला। दो कारिंदों की पहचान हो गई है जबकि पुलिस तीसरे मृतक की शिनाख्त के प्रयास में जुटी है।

पुलिस के अनुसार हटूंडी निवासी अकबर ने मध्य रात्रि गेस्ट हाउस की रसोई में स्थित गंदे पानी के हौद की सफाई करना शुरू किया। अकबर ने ज्यों ही हौद का ढक्कन खोला वह असंतुलित होकर उसमें जा गिरा। उसे गिरता देख मैनेजर शेख सलीम ने बचाने का प्रयास किया। इस बीच वह भी हौद में जा गिरा। यह देख वहां मौजूद एक अन्य गेस्ट हाउस के कर्मचारी ने अकबर एवं सलीम को बचाने की कोशिश की। वह भी नाकाम रहा और खुद भी हौद में गिर गया। 


उनके गिरने की सूचना मिलते ही दरगाह बाजार में शोर मच गया। पुलिस ने तीनों को बाहर निकाला तब तक वे दम तोड़ चुके थे। शवों को जवाहरलाल नेहरू अस्पताल के चीरघर में रखा है। पुलिस ने तीनों की मौत संदिग्ध परिस्थिति में होना मानते हुए अनुसंधान शुरू कर दिया है। 


हौद में बनी गैस से हादसा


पुलिस ने प्रारंभिक अनुसंधान के आधार पर हौद में जहरीली गैस बनने से हादसा होना माना है। दरअसल हौद में रसोई के गंदे पानी की निकासी होती है। इसे लम्बे समय बाद सफाई के लिए खोला गया। फिलहाल पुलिस का मानना है कि उसमें से निकली गैस की वजह से तीनों कारिंदे बेहोश होकर हौद के पानी में डूब गए।



चौथे की बची जान

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तीनों के गिरने के बाद एक अन्य कर्मचारी ने उन्हें बचाने की कोशिश की। हालांकि वह ज्यों ही हौद तक पहुंचा, गैस की वजह से उसका दम घुटने लगा। नतीजतन वह घबराकर पीछे हट गया। उसी ने अन्य लोगों को हादसे की सूचना दी। 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें