रविवार, 24 फ़रवरी 2013

लव मैरिज करने पर गला काटकर हत्या

लव मैरिज करने पर गला काटकर हत्या
लखनऊ। यूपी में ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। यहां के बदायूं जिले के दातागंज में 22 साल की महिला की हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप उसके चचेरे भाई पर लगा है। जिस वक्त महिला की हत्या की गई उसी समय हरिद्वार के जावलपुर में उसके पति पर भी हमला हुआ। हमला महिला के सगे भाई ने किया।

पुलिस का कहना है कि योजना बनाकर दोनों पर हमला किया गया। महिला ने परिजनों की मर्जी के खलाफ जाकर शादी की थी। स्टेशन ऑफिसर भानू प्रताप सिंह ने बताया कि चचेरे भाई सतेन्द्र पाल ने 3 बजे गला काटकर मीना देवी की हत्या कर दी।

सिंह ने बताया कि मीना देवी पर हमले के बाद पड़ोस में रहने वाली रूबी जग गई। पुलिस सतेन्द्र की तलाश कर रही है। दो साल पहले मीना ने अपने ही गांव में रहने वाले नन्हे से शादी कर ली थी। शादी के बाद मीना ने कटि्टना गांव छोड़ दिया था। इसके बाद वह दातागंज में रहने लगी। मीना और नन्हे एक ही जाति के हैं। मीना के सगा भाई और चचेरे भाई कई बार दातागंज गए थे। मीना अपने पिता के घर नहीं जाना चाहती थी।

नन्हे हरिद्वार में काम करता है। उस पर मीना के भाई दुर्गेश ने हमला किया। दुर्गेश को हत्या की कोशिश के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक दुर्गेश ने नन्हे पर धारदार हथियार से हमला किया था। हमले में नन्हे के सिर पर चोटें आई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें