सोमवार, 1 अक्तूबर 2012

कलक्टर गौरव गोयल ने कहा, पहले सड़कें दुरूस्त करवाऊंगा


जोधपुर। कार्यभार ग्रहण करने के बाद जिला कलक्टर गौरव गोयल ने जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने जिले में टूटी सड़कों की दशा सुधारने पर सबसे ज्यादा जोर दिया और कहा कि वे पहले सड़कों की मरम्मत पर ध्यान देंगे। उन्होंने विभिन्न विभागाधिकारियों की बैठक में जिले में संचालित योजनाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को निर्देश दिए।

जिला कलक्टर ने नियंत्रण कक्ष में पीएचसी पर नियुक्त चिकित्सकों से फोन पर बात कर चिकित्सकों की कार्यस्थल पर उपस्थित सुनिश्चित करने, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को सभी अस्पतालों में नेशनल हैल्थ इंश्योरेंस योजना लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। वर्षा से टूटी हुई सड़कों की मरम्मत को पहली प्राथमिकता बताया और सम्बन्घित अधिकारियों को अविलम्ब मरम्मत शुरू करने के निर्देश दिए।

बूथों का भौतिक सत्यापन होगा
शहर के विभिन्न इलाकों में स्थित सरस बूथों का भौतिक सत्यापन किया जाएगा। जिला कलक्टर गौरव गोयल ने नगर निगम सीईओ को इसके लिए टीमें बनाकर सोमवार से अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। गोयल ने बताया कि सरस बूथों पर डेयरी से संबंधित व्यवसाय के अलावा भी कई गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें मिली हैं। कार्यभार ग्रहण करने के बाद शनिवार शाम पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि कई बूथों पर शराब तक बिकने की शिकायतें हैं। सोमवार से नगर निगम, डेयरी, बिजली और प्रशासन मिलकर सभी बूथों का भौतिक सत्यापन किया जाएगा।

गोयल ने कहा कि शहर में अतिक्रमण नासूर बनते जा रहे हैं। अतिक्रमण को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने राज्य के दूसरे सबसे बड़े शहर का जिला कलक्टर बनने को एक चुनौती बताया और कहा कि वे जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे।

कलक्टर ने गिनाई प्राथमिकताएं
- सड़कों की मरम्मत के साथ शहर का सौदर्यीकरण और पर्यटन विकास।
- सीवरेज और सफाई व्यवस्था।
- माचिया पार्क का कार्य पूरा करवाना।
- मुख्यमंत्री की घोषणाओं को क्रियान्वित करना।
- ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार।
- समस्याओं के समाधान के लिए कॉमन कंट्रोल रूम बनाने पर विचार।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें