गुरुवार, 26 जनवरी 2012

राज्यपाल ने फहराया तिरंगा

राज्यपाल ने फहराया तिरंगा

जयपुर। 63वें गणतंत्र दिवस पर राजस्थान में राज्य स्तरीय समारोह यहां एसएमएस स्टेडियम में हुआ। सुबह 9:30 बजे राज्यपाल शिवराज पाटिल ने तिरंगा फहराया।
इसके बाद उन्होंने परेड की सलामी ली। इस मौके पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे। इससे पहले मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर सिविल लाइंस स्थित अपने राजकीय निवास पर प्रात: 7 बजे झंडारोहण किया। गहलोत को आर.ए.सी. की चतुर्थ बटालियन के कंपनी कमांडर सत्यप्रकाश के नेतृत्व में टुकड़ी ने सलामी दी।

मुख्यमंत्री ने सलामी गारद का निरीक्षण भी किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री कार्यालय एवं निवास पर कार्यरत अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सुरक्षाकर्मियों को गणतंत्र दिवस की बधाई दी और मुंह मीठा करवाया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्रीमत पांडेय, पुलिस महानिरीक्षक मुख्यमंत्री सतर्कता एवं सुरक्षा सौरभ श्रीवास्तव, मुख्यमंत्री के सचिव रजत मिश्र, मुख्यमंत्री की पत्नी सुनीता गहलोत, उनके पुत्र वैभव गहलोत सहित बड़ी संख्या में मुख्यमंत्री कार्यालय एवं निवास के अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।

भावी पीढ़ी को सुरक्षित गणतंत्र सौंपें
विधानसभा अध्यक्ष दीपेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा है कि हम भारतीय संविधान के मान सम्मान की रक्षा करें और देश की भावी पीढ़ी के हाथों में सुरक्षित गणतंत्र सौंपे। शेखावत गणतंत्र दिवस के अवसर पर गुरूवार को राजस्थान विधानसभा में ध्वजारोहण करने के बाद संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज के दिन हम उन शहीदों को भी याद करें जिन्होंने हमें आजादी दिलायी और हमें गणतंत्र की ओर अग्रसर किया।

लोकतंत्र मजबूत करने में हर व्यक्ति की भागीदारी
राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ. बी.डी. कल्ला ने देश की अखण्डता एवं एकता को चुनौती देने वालों से सावधान रहते हुए ऎसी ताकतों का मुंहतोड़ जवाब देने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि संविधान प्रदत्त आदर्शों का अनुसरण कर लोकतंत्र को मजबूत बनाने में हर व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है। डॉ. कल्ला गुरूवार को यहां वित्त भवन में गणतंत्र दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण करने के बाद उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों को संबोधित कर रहे थे। राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष ने इस अवसर पर कोषालयों में एकीकृत वित्त प्रबंध प्रणाली लागू करने तथा सराहनीय कार्य करने के लिए 19 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें