सोमवार, 3 अक्तूबर 2011

कांग्रेस विधायक ने किए पाक मंत्री की आम सभा के इंतजाम

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष ओंकारसिंह लखावत ने आरोप लगाया है कि पाकिस्तान के वाणिज्य मंत्री मखदूम अमीन फहीम की अजमेर यात्रा के दौरान आम सभा की व्यवस्था कांग्रेस विधायक शाले मोहम्मद ने की थी।

उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार प्रत्यक्ष रूप से तुष्टीकरण की नीति को बढ़ावा देते हुए राष्ट्र की सुरक्षा को खतरे में डालने का प्रयास किया जा रहा है। रविवार को स्वामी कॉम्प्लेक्स में पत्रकारों से बातचीत करते हुए लखावत ने कहा कि पाकिस्तान के वाणिज्य मंत्री फहीम ने भारत के प्रोटोकॉल, विदेश नीति एवं शिष्टाचार का उल्लंघन किया है।

भारत के सीमावर्ती जिलों से हजारों लोगों को अजमेर बुलाकर एक होटल में आम सभा की गई। पोकरण से कांग्रेस विधायक शाले मोहम्मद बाड़मेर व जैसलमेर से लोगों को यहां लेकर आए। लखावत ने आरोप लगाया कि पूर्व आईपीएस मुराद अली ने भी इसमें सहयोग किया।

दोनों ने प्रशासन को सूचित किए बिना ही पाकिस्तान के वाणिज्य मंत्री फहीम की दोनों जिलों से आए लोगों की गुप्त वार्ता एवं आम सभा कर राष्ट्र की सुरक्षा को खतरे में डालने का प्रयास किया है।

भाजपा नेताओं ने केंद्रीय गृह मंत्री पी चिदंबरम एवं गृहमंत्री शांति धारीवाल के त्यागपत्र की मांग की है। शहर अध्यक्ष रासासिंह रावत ने कहा कि मंगलवार को संभागीय आयुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन कर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। विधायक वासुदेव देवनानी व अनिता भदेल ने इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।

सूचना तंत्र विफल :

लखावत ने सूचना तंत्र को विफल बताया है। उन्होंने कहा कि खुफिया तंत्र को इस बात की जानकारी नहीं थी कि पाक मंत्री अजमेर यात्रा के दौरान 30 सितंबर को मेरवाड़ा स्टेट में आमसभा का आयोजन करने जा रहे हैं।

अंत तक स्थानीय प्रशासन को भी इस बात का पता नहीं चला कि फहीम हजारों लोगों को संबोधित करने वाले हैं। सरकार के दबाव के चलते स्थानीय अधिकारियों ने भी चुप्पी साध रखी थी।

वीजा पर आए पाक नागरिक लापता :

पिछले कुछ वर्षो में वीजा पर आए पाकिस्तानी नागरिक देश में लापता है। अभी तक उनका कोई सुराग नहीं लगा है।


वर्ष 2005 में 7043, 2006 में 7650, 2007 में 7404, 2008 में 9636 एवं जून 2011 तक 13 सौ पाकिस्तानी नागरिक वीजा से भारत आए थे लेकिन वे स्वदेश नहीं लौटे ओर देश में ही लापता हैं। सरकार लापता पाक नागरिकों का पता तक नहीं लगा सकी है। भाजपा ने इन लोगों से देश की आंतरिक सुरक्षा को खतरा बताया है।

प्रदेश स्तर पर उठाएंगे इस मुद्दे को :

भाजपा इस मुद्दे को प्रदेश स्तर पर उठाएगा। प्रदेशाध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी को पूरी मामले की जानकारी दी जाएगी। लखावत ने कहा कि प्रदेश में भाजपा तुष्टीकरण की नीति को बर्दाश्त नहीं करेगी। प्रदेश से दिशा निर्देश मिलने के बाद ही आंदोलन की रणनीति को बनाया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें