बुधवार, 28 सितंबर 2011

जहां मिलता था न्याय, वहां के पहरेदार ने ही कर दिया बलात्कार!

रांची। कांके के तत्कालीन थानेदार हर नारायण साह पर थाने में एक महिला के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। महिला का आरोप है कि जब वह ठगी और यौन शोषण के एक मामले में इंसाफ की गुहार लगाने थाने गई थी, तभी उसके साथ थानेदार ने ज्यादती की। सदर डीएसपी बर्नवास तिर्की ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल थानेदार एक अन्य मामले में सस्पेंड हैं। वे बेटी के इलाज के लिए वेल्लोर गए हैं।


क्या है मामला : कांके थाना क्षेत्र की पतराटोली बस्ती निवासी सीमा (बदला हुआ नाम) ने बताया कि प्रमोद कुमार सिंह ने तीन लाख रुपए ठगने के साथ उसका यौन शोषण भी किया। उसने 19 अगस्त को प्रमोद के खिलाफ कांके थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई। वह इंसाफ की गुहार लगाने बार-बार थाने जाती थी, लेकिन उसे टरका दिया गया। उसका आरोप है कि थानेदार उसे गलत नजरों से देखते थे। एक दिन मौका पाकर थानेदार ने थाने में ही उसे अपनी हवस का शिकार बना लिया। फरियाद लेकर जब वह महिला थाने गई तो थानेदार वहीं बैठे थे।


थानेदार बोला, सब झूठ


निलंबित थानेदार का कहना है कि महिला का चरित्र ठीक नहीं है। वह झूठे आरोप लगा रही है। उसने प्रमोद कुमार सिंह के खिलाफ भी यौन शोषण की झूठी प्राथमिकी दर्ज कराई है। महिला बार-बार उनसे तीन लाख रुपए की मांग कर रही थी। इस रकम की भरपाई उसने प्रमोद से करने के लिए कहा था। वह प्रमोद के पिता को भी जेल भेजने के लिए दबाव डाल रही थी। जबकि उनका इस मामले से कुछ लेना-देना नहीं है। प्रमोद के खिलाफ जांच शुरू हुई तो महिला का चरित्र उजागर हो गया। मामले की जांच हो रही है, जिसमें सब कुछ स्पष्ट हो जायेगा।


हरनारायण शाह पर दुष्कर्म का आरोप लगा है। जांच चल रही है। फिलहाल थानेदार सस्पेंड हैं और आउट ऑफ स्टेशन हैं। जांच के बाद ही कुछ कह पाऊंगा।
बर्नवास तिर्की, सदर डीएसपी, रांची

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें