मंगलवार, 1 जनवरी 2013

दुष्कर्मियों को फांसी देने के खिलाफ हैं खाप पंचायत

Khap Panchayats oppose death penalty for rape convicts

हिसार। भारत में अपने तालिबानी तर्ज पर फरमान जारी करने वाली खाप पंचायत ने अब गैंगरेप के दोषियों को फांसी की सजा दिलवाए जाने का विरोध किया है। केंद्र सरकार द्वारा इस घटना के आरोपियों को कोर्ट में फांसी देने की मांग करने पर पंचायत ने नाराजगी जाहिर की है।

हिसार में हुई खाप पंचायत में कहा गया कि सरकार जल्दबाजी में कोई भी ऐसा कानून न बनाए जिसका दुरुपयोग होने की संभावना हो। खाप नेता सूबे सिंह ने यहां के एक गांव में कहा कि अधिकारियों को गैंगरेप के मामले पर जारी जन विरोधों और इसके आरोपियों के लिए मौत की सजा की मांग को देखते हुए भावनाओं में नहीं बहना चाहिए। उनका कहना है कि हमने दहेज विरोधी कानून और एससी-एसटी कानून का दुरुपयोग होते देखा है। ऐसा कोई कानून जो ऐसी कड़ी सजा देता हो, उसका दुरुपयोग होने की भी संभावना ज्यादा है। खाप नेता के बयान की प्रदर्शनकारियों ने आलोचना की और इसे हरियाणा के मामलों में दुष्कर्मियों को बचाने की कोशिश बताया।

ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक वुमेंस ऐसोसिएशन की महासचिव जगमती संगवान ने कहा कि हरियाणा में 20 गैंगरेप हुए हैं जिनमें कई लोग शामिल हैं। खाप पंचायतें उन लोगों को बचाने की कोशिश कर रही हैं। इस समर्थन से महिलाओं के प्रति अनादर को और बढ़ावा मिलेगा।

हिलेरी के दिमाग में जमा खून का थक्‍का, शावेज की भी हालत नाजुक



वॉशिंगटन. अमेरिकी विदेशमंत्री हिलेरी क्लिंटन के मस्तिष्क में खून का थक्का जमा होने का पता चला है। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वे दिसंबर में अचानक गिर कर बेहोश हो गई थीं। उसके बाद उनकी जांच की गई थी। वे 65 साल की हैं।
शुरू में बताया गया था कि उनके पेट में वायरस था और पानी की कमी के कारण ऐसा हुआ। अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने ताजा बयान जारी कर कहा है कि क्लिंटन के दाहिने कान के पीछे दिमाग और खोपड़ी के बीच एक नस में खून का थक्‍का जम गया है। हालांकि उनका इलाज कर रहे डॉक्‍टरों ने उम्‍मीद जताई है कि वह पूरी तरह स्‍वस्‍थ हो जाएंगी। वे कम से कम 48 घंटे न्यूयॉर्क के प्रेसबिटेरियन अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में रहेंगीं।

अमेरिका की पूर्व प्रथम महिला हिलेरी क्लिंटन को राष्ट्रपति बराक ओबामा अपने दूसरे कार्यकाल में विदेश मंत्री नहीं रखना चाहते। हिलेरी का कार्यकाल 20 जनवरी को खत्म हो रहा है। उन्होंने 2008 में राष्ट्रपति चुनाव के लिए डेमोक्रेट पार्टी का टिकट हासिल करने की कोशिश की थी। लेकिन ओबामा से हार गई थीं। तब ओबामा ने उन्हें विदेश मंत्री बनाया था। जनवरी में हिलेरी को संसद में बेनगाजी में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास पर हमले पर साक्ष्य देना है।

शावेज की भी हालत नाजुक


वेनेजुएला के राष्ट्रपति ह्यूगो शावेज की हालत नाजुक हो गई है। वे कैंसर से जूझ रहे हैं। उपराष्ट्रपति निकोलस
मादुरो ने शावेज से मिलने के बाद एक संदेश में यह जानकारी दी। मादुरो ने बताया कि ऑपरेशन के बाद से शावेज की स्थिति नाजुक है। शावेज का इलाज क्यूबा में चल रहा है। उनका 11 दिसंबर को चौथा ऑपरेशन किया गया था। उसके बाद से उन्हें सांस लेने में परेशानी हो रही है और संक्रमण बढ़ रहा है। शावेज 1999 से सत्ता में हैं। गत अक्टूबर में उन्होंने एक और कार्यकाल के लिए चुनाव जीता है।