मंगलवार, 15 अगस्त 2017

3 साल में अनगिनत फैसले लिए, सवा लाख करोड़ का कालाधन पकड़ा: मोदी

3 साल में अनगिनत फैसले लिए, सवा लाख करोड़ का कालाधन पकड़ा: मोदी
नई दिल्ली. 15 अगस्त के मौके पर नरेंद्र मोदी ने चौथी बार लाल किले से देश को संबोधित किया। मोदी ने कहा कि मैं लोगों को 71वें स्वतंत्रता दिवस की बधाई देता हूं। आज जन्माष्टमी का पर्व भी है। मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत में ही गोरखपुर ट्रेजडी का जिक्र किया। 2022 में अभी पांच साल हैं, आजादी के दीवानों का सपना पूरा करने के लिए ये वक्त काम आ सकता है। हमें सवा सौ करोड़ देश वासियों के संकल्प से, पुरुषार्थ से, त्याग और तपस्या से न्यू इंडिया बनाना है। उन्होंने कहा कि कश्मीर की समस्या न तो गाली से और न गोली से हल होगी। लोगों को गले लगाकर मसले सुलझाएंगे। मोदी की स्पीच के अपडेट्स...

- 08:14 AM: "अनगिनत फैसले हमने 3 साल में किए। एक बात अहम है कि जब आप इतना बड़ा बदलाव करते हैं तो रुकावटें आती हैं। ट्रेन भी ट्रैक बदलती है तो स्पीड कम हो जाती है। आज हम देश को नए ट्रैक पर ले जा रहे हैं, लेकिन स्पीड कम नहीं हुई है। कोई भी नई व्यवस्था लाने में हम सफल हुए हैं और आगे भी ऐसे कदम उठाएंगे। 21वीं सदी में भारत को आगे बढ़ाने का सबसे बड़ा क्षेत्र पूर्वी हिंदुस्तान है। मैन पावर, प्राकृतिक संपदा और संकल्प के धनी हैं। बिहार, बंगाल, आसाम, उड़ीसा ऐसे राज्य हैं, जिन्हें आगे बढ़ा़कर देश को नई दिशा में ले जाने के लिए हम संकल्पबद्ध हैं।"

- 08:12 AM:"कभी कभी आस्था के नाम पर लोग ऐसा काम करते हैं कि देश का ताना-बाना उलझ जाता है। ये गांधी और बुद्ध की भूमि है। सबको साथ लेकर चलना हमारी परंपरा का हिस्सा है। आस्था के नाम पर हिंसा को बल नहीं दिया जा सकता है। ये देश स्वीकार नहीं कर सकता है। मैं देशवासियों से आग्रह करूंगा कि तब भारत छोड़ो नारा था, आज भारत जोड़ो नारा है। हर व्यक्ति, तबके और समाज के साथ आगे बढ़ना है।"

- 08:11 AM: "वो बहनें जो तीन तलाक की वजह से पीड़ित हैं, उन्होंने आंदोलन खड़ा किया। पूरे देश में तीन तलाक के खिलाफ एक माहौल बना। इस आंदोलन को चलाने वाली बहनों का हृदय से अभिनंदन करता हूं। उनकी इस लड़ाई में हिंदुस्तान पूरी मदद करेगा, वे सफल होंगी, ऐसा मुझे भरोसा है।"

- 08:10 AM: "21वीं सदी की जरूरतों के हिसाब से मैन पावर के विकास के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं। नौजवानों को बिना गारंटी बैंकों से पैसा चले, इसके लिए अभियान चलाया। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के कारण करोड़ों नौजवान पैरों पर खड़े हुए हैं। नौजवान दूसरों को रोजगार दे रहा है। वर्ल्ड क्लास यूनिवर्सिटी बनाने के लिए हमने 20 यूनिवर्सिटियों कहा कि हम आपको 1000 करोड़ की मदद करेंगे। पिछले 3 साल में 6 आईईटी, 7 आईआईएम, 8 नए ट्रिपल आईटी खोलने का काम किया है। माताएं और बहनें भी रात में काम कर सकें, इसलिए लेबल लॉ में बदलाव का कदम उठाया। मेटरनिटी लीव 12 हफ्ते से 26 हफ्ते कर दिया गया।"

- 08:05 AM: "लाल बहादुर शास्त्री ने जय-जवान जय किसान का मंत्र दिया था। हमारे किसान ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। रिकॉर्ड फसल का उत्पादन कर रहा है। दाल का उत्पादन रिकॉर्ड हुआ है। हिंदुस्तान में कभी भी दाल खरीदने की परंपरा ही नहीं थी। इस बार मेरे देश के किसानों ने दाल उत्पादन करके गरीबों को पौष्टिक खाना देने का काम किया तो सरकार ने 16 लाख टन दाल खरीदी। पीएम फसल बीमा योजना किसानों का सुरक्षा कवच है। किसान इस योजना से जुड़ गए हैं। ये संख्या पौने छह करोड़ तक पहुंची है। 21 योजनाएं हमने पूरी कीं, आने वाले समय में 50 योजनाएं पूरी होंगी। 2019 से पहले 99 योजनाएं पूरी करके हम किसान के खेत तक पानी पहुंचाने का काम करेंगे। बीज से बाजार तक जब तक हम किसानों को व्यवस्था नहीं देते हैं, उनका भाग्य नहीं बदल सकते हैं। हर साल लाखों करोड़ों की सब्जी-फसल बर्बाद होती है। हमने एफडीआई को बढ़ावा दिया, इन्फ्रास्ट्रक्चर को बढ़ावा दिया। प्रधानमंत्री संपदा योजना शुरू की है। बीज से बाजार तक किसानों के लिए व्यवस्था शुरू करेंगे और करोड़ों किसानों का जीवन बदलेंगे।"

- 08:03 AM: "लोकतंत्र को हमने मतपत्र तक सीमित कर दिया। न्यू इंडिया में तंत्र से लोक नहीं, लोगों से तंत्र चले ऐसा लोकतंत्र न्यू इंडिया की पहचान बने। ऐसा न्यू इंडिया चाहते हैं। स्वराज्य जन्मसिद्ध अधिकार है, लोकमान्य तिलक ने कहा था। नए इंडिया में सुराज्य हमारा जन्मसिद्ध अधिकार है नारा होना चाहिए। स्वराज्य से सुराज्य की ओर बढ़ना चाहिए। सब्सिडी छोड़ना, नोटबंदी हर फैसले में सवा सौ करोड़ देशवासियों ने धैर्य दिखाया, विश्वास जताया। आज भ्रष्टाचार पर नकेल लगाने में हम सफल हो रहे हैं।"

- 08:00 AM: "जेम नाम का एक पोर्टल बनाया है। ट्रांसपैरेंसी लाने में सरकार को सफलता है। आज बिचौलियों की जरूरत नहीं है। योजनाओं की रफ्तार बढ़ी है। किसी काम में देरी हो जाती है तो केवल प्रोजेक्ट में विलंब नहीं होता, सबसे ज्यादा नुकसान गरीबों को होता है। हम 9 महीने के भीतर मंगलयान को पहुंचा सकते हैं, लेकिन सरकार के कामकाज का लेखा लेते वक्त मुझे पता चला कि 42 साल पुराना 70 किलोमीटर का प्रोजेक्ट रेलवे का अटका था। तब गरीब के मन में सवाल उठता है। इसमें बदलाव लाने के लिए हमने नई टेक्नोलॉजी को जोड़कर बदलाव लाने का प्रयास किया। यूरिया, केरोसिन के लिए राज्य-केंद्र में तनाव था। हमने पहले दिन से इस दिशा में काम किया। मैं जानता हूं कि देश के विकास में राज्यों का कितना महत्व है। कॉपरेटिव फेडरलिज्म और कॉम्पिटीटिव फेडरलिज्म पर काम किया। इसी लाल किले से देश के एक प्रधानंमत्री ने राज्यों की बिजली पर चिंता जाहिर की थी। हमने उसका समाधान मिलकर किया। जीएसटी के साथ-साथ स्मार्ट सिटी, स्वच्छता अभियान, टॉयलेट और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस जैसे मुद्दों पर राज्यों ने मिलकर हमारे साथ कदम बढ़ाया।"

- 7:59 AM: "जम्मू कश्मीर का विकास, उन्नति, सपनों को पूरा करने का प्रयास.. ये जम्मू-कश्मीर की सरकार के साथ हर आदमी का काम है। कश्मीर को फिर से स्वर्ग बनाएं, इसको लेकर हम प्रतिबद्ध हैं। बयानबाजी होती है, एक-दूसरे को गाली देने को तैयार रहता है। मुट्ठीभर अलगाववादी नए फैसले लेते हैं, पैंतरे करते हैं। न गाली से समस्या सुलझने वाली है, ना गोली से सुलझने वाली है, समस्या सुलझने वाली है गले लगाने से। इस संकल्प को लेकर हम आगे बढ़ रहे हैं। आतंकवाद के खिलाफ नर्मी नहीं बरती जाएगी। बार-बार हमने कहा है कि आप मुख्य धारा में आइए। लोकतंत्र में बात करने का अधिकार है। मुख्यधारा ही हर किसी के जीवन में नई ऊर्जा भर सकती है। हमारे सुरक्षा बलों के प्रयास से बड़ी मात्रा में नौजवानों ने सरेंडर किया मुख्यधारा से जुड़ने की कोशिश की। आज भारत सरकार ऐसी वेबसाइट लॉन्च कर रही है, जिसमें गैलेंट्री अवार्ड पाने वालों के लिए पोर्टल शुरू किया जा रहा है। देश की नई पीढ़ी को वीर बलिदानियों के बारे में जानकारी मिलेगी।"

- 7:55 AM: "गुड गवर्नेंस की दिशा में बल देने का परिणाम है कि आज निर्णयों के तेज गति आई है। आज भारत की साख विश्व में बढ़ रही है। आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई हम लड़ रहे हैं। आज इस लड़ाई में हम अकेले नहीं है, कई देश हमें मदद कर रहे हैं। उनकी गतिविधि के संबंध में हमें जानकारी दे रहा है। हम विश्व के साथ कंधे से कंधा मिलाकर लड़ाई लड़ रहे हैं। हम उन देशों का हृदय से अभिनंदन करना चाहता हूं। ये कदम भी शांति और सुरक्षा में नया आयाम जोड़ रहे हैं।"

- 7:50 AM: "गरीबों को लूटने वाले लोग आज भी चैन की नींद नहीं सो पा रहे हैं। गरीबों, मेहनतकशों को ईमानदारी की प्रेरणा मिल रही है। आज ईमानदारी का उत्सव मनाया जा रहा है। बेनामी संपत्ति रखने वाले, कितने सालों तक कानून लटके पड़े थे। कम समय में हमने 800 करोड़ रुपए से ज्यादा बेनामी संपत्ति सरकार ने जब्त कर ली। ये सामान्य आदमी के मन में एक विश्वास पैदा करता है कि देश ईमानदार लोगों के लिए है। 30-40 साल से हमारी सेना के लिए वन रैंक वन पेंशन का मामला लटका हुआ था, हमने इसे पूरा किया। इससे उनकी ताकत बढ़ जाती है। जीएसटी के जरिए नई ताकत मिली, नया परिणाम सामने आया। जीएसटी की सफलता के लिए कोटि-कोटि मानवों की कला लगी है, टेक्नोलॉजी लगी है। इतने बड़े देश में जीएसटी का रोल आउट होना अपने आप में दुनिया को चौंकाने वाला है। आज दोगुनी रफ्तार से सड़कें बन रही हैं, रेल लाइन बनाई जा रही है, जो गांव अंधेरे में थे वहां बिजली पहुंचाई जा रही है। देश उजाले की तरफ बढ़ रहा है। 29 करोड़ गरीबों के बैंक अकाउंट खुलते हैं, 9 करोड़ किसानों को सॉइल हेल्थ कार्ड मिलता है, ढाई करोड़ माताओं को गैस कनेक्शन मिलता है। देश प्रगति की ओर बढ़ रहा है। युवाओं को 8 करोड़ से ज्यादा लोन की स्वीकृति मिलती है। कर्ज पर ब्याज में कमी होती है, महंगाई रुकती है, घर के लिए कम ब्याज पर पैसे मिलते हैं, तब देश आगे बढ़ता है। देश आगे बढ़ेगा इस विश्वास से आम आदमी जुड़ता है।"

- 7:45 AM: "अर्जुन ने जब कृष्ण से सवाल पूछे तो उन्होंने कहा कि मनुष्य का मन जैसा होता है, परिणाम भी वैसा ही आता है। हम पहले निराशा से पले-बढ़े, अब हमें आत्मविश्वास से आगे बढ़ना है। निराशा से उबरना है। चलता है का जमाना चला गया, अब आवाज यही उठे कि बदला है, बदल रहा है और बदल सकता है। यही विश्वास हमारे भीतर होगा तो हम भी उस विश्वास के अनुसार बदलेंगे। साधक हो साधन और सामर्थ्य हो और संसाधन हो। जब ये त्याग और तपस्या से जुड़ जाते हैं, कर गुजरने के इरादे से जुड़ जाते हैं तो संकल्प सिद्धि में बदल जाता है।"

- 7:42 AM: "न्यू इंडिया जो सुरक्षित, समृद्ध और शक्तिशाली हो। जहां हर किसी को समान अवसर मौजूद हो। जहां आधुनिक विज्ञान और तकनीकि में भारत का दबदबा हो। आजादी का संग्राम हमारे लिए भावना से जुड़ा हुआ है। आजादी की लड़ाई के वक्त किसान, शिक्षक और मजदूर अपना काम करते थे। लेकिन, उनके मन में भाव था कि जो भी काम कर रहा हूं वो आजादी के लिए कर रहा हूं। परिवार में भी खाना रोज पकता है, व्यंजन सभी बनते हैं, लेकिन जब ये खाना भगवान के सामने चढ़ा दिया जाता है, तो वो प्रसाद बन जाता है। हम परिश्रम करते हैं, लेकिन मां भारती के लिए हम हमारे हर काम को राष्ट्रभाव और भक्ति से समर्पित कर देते हैं तो परिणाम की ताकत बढ़ जाती है। हम सब उस बात को लेकर आगे चलें। 2018 को 1 जनवरी आएगी। ये सामान्य एक जनवरी नहीं है, मैं नहीं मानता। 21वीं शताब्दी में जन्म लेने वालों के लिए, नौजवानों के लिए ये निर्णायक वर्ष है। वो 18 साल के जब-जब होंगे, वे 21वीं सदी के भाग्यविधाता होंगे। मैं उनका सम्मान और अभिनंदन करता हूं। आप देश की विकास यात्रा में भागीदार बनिए, देश आपको निमंत्रण देता है।"

- 7:40 AM: "2022 में अभी पांच साल हैं, आजादी के दीवानों का सपना पूरा करने के लिए ये वक्त काम आ सकता है। हमें सवा सौ करोड़ देश वासियों के संकल्प से, पुरुषार्थ से, त्याग और तपस्या से न्यू इंडिया बनाना है। भगवान कृष्ण कितने ही सामर्थ्यवान थे, जब ग्वाले उनके साथ खड़े हो गए तो गोवर्धन उठा लिया। राम जी को लंका जाना था, छोटे-छोटे वानर उनके साथ खड़े हो गए, रामसेतु बन गया लंका जीत ली। एक मोहनदास थे, लोग उनके साथ खड़े हो गए, सूत की कतली काटते थे, आजादी ले ली। सवा सौ करोड़ देशवासियों में कोई छोटा-बड़ा नहीं है। हर कोई अपनी जगह से 2022 के लिए नए इंडिया का संकल्प ले।"

- 7:38 AM: "मेरे प्यारे देशवासियों, ये वर्ष आजाद भारत के लिए खास साल है। ये वर्ष है जब चंपारण और साबरमती की शताब्दी का वर्ष है। ये वर्ष है जब लोकमान्य तिलक जी ने गणेशोत्सव शुरू किया था, उसे भी 125वां वर्ष है। ये इतिहास की ऐसी तारीख है, जिसका स्मरण हमें देश के लिए कुछ करने की प्रेरणा देता है। हम आजादी के 70 वर्ष और 2022 में आजादी के 75 साल का जश्न है। 1942 से 1945 के बीच हमने आजादी के लिए ऐसी लड़ाई लड़ी कि 5 साल में अंग्रेजों ने देश छोड़ दिया।"

- 7:36 AM:"कभी प्राकृतिक आपदाएं हमारे लिए चुनौती बन जाती है। अच्छी वर्षा देश को फलने-फूलने में बहुत योगदान देती है, लेकिन जलवायु परिवर्तन का नतीजा है कि कभी-कभी ये प्राकृतिक आपदा संकट भी बन जाती है। पिछले दिनों देश के कई हिस्सों में प्राकृतिक आपदा का संकट आया, पिछले दिनों अस्पताल में हमारे मासूम बच्चों की मौत हुई। इस संकट की घड़ी में सवा सौ करोड़ देशवासियों की संवेदनाएं साथ हैं। मैं देशवासियों को भरोसा दिलाता हूं कि इस संकट के वक्त जन सामान्य की सुरक्षा के लिए कुछ भी करने में हम कमी नहीं रहने देंगे।"

- 7:34 AM: "आज पूरा देश स्वंत्रता दिवस के साथ जन्माष्टमी मना रहा है। मैं देख रहा हूं कि मेरे सामने बहुत बड़ी मात्रा में बाल कन्हैया भी मौजूद हैं। सुदर्शन चक्रधारी मोहन से लेकर चरखाधारी मोहन तक हमारी सांस्कृतिक ऐतिहासिक विरासत के हम धनी हैं। देश की आजादी के लिए, आन-बान-शान के लिए, गौरव के लिए जिन लोगोें ने अपना योगदान दिया है। यातनाएं झेली हैं, बलिदान दिया है, त्याग और तपस्या की है। ऐसे सभी महापुरुषों को, माताओं-बहनों को मैं लाल किले की प्राचीर से सवा सौ करोड़ देशवासियों की ओर से शत-शत नमन करता हूं।"

तीनों सेनाओं के चीफ रहे मौजूद

- गॉर्ड ऑफ ऑनर के बाद पीएम की अगवानी डिफेंस मिनिस्टर और उनके जूनियर मिनिस्टर के अलावा तीनों सेनाओं के सेनाध्यक्ष ने की। जीओसी दिल्ली पीएम को लाल किले की प्राचीर तक ले गए। यहां पीएम राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

21 तोपों की सलामी

- ध्वज फहराने के बाद 2281 फील्ड रेजीमेंट के जवान 21 तोपों की सलामी दी गई। इसके लीडर लेफ्टिनेंट कर्नल आदित्य कुमार देवरानी रहे।

- राष्ट्रगान आर्मी बैंड ने बजाया। इसको मेजर भास्कर सिंह रावत कमांड किया। बैंड गढ़वाल राइफल रेजिमेंट था।

- ध्वजारोहण में सात सौ कैडेट ने भी हिस्सा लिया। 3500 गर्ल्स और 5000 ब्वॉयज स्टूडेंट्स ने राष्ट्रगान गाया।

इंडिपेंडेंस डे पर झूठे वादे करना बंद करें मोदी: कांग्रेस

- इंडिपेंडेंस डे के एक दिन पहले कांग्रेस ने कहा कि नरेंद्र मोदी आजादी के दिन झूठे वादे करना बंद करें। कांग्रेस ने कहा कि हमें उम्मीद है कि इस बार मोदी पिछले तीन साल में किए गए वादों का हिसाब देंगे।

- कांग्रेस के सीनियर स्पोक्सपर्सन आनंद शर्मा ने कहा- हम उम्मीद करते हैं कि मोदी इकोनॉमी की हालत, इन्वेंस्टमेंट्स में आई कमी और रोजगार के कम होते मौकों पर अपनी बात रखेंगे। वो ये भी बताएंगे कि उन्होंने जनता से किए गए कितने वादे तीन साल में पूरे किए हैं।

मोदी ने आइडिया देने को कहा था

- मोदी ने 15 अगस्त की स्पीच को लेकर लोगों से सुझाव देने को कहा था।

- 30 जुलाई को मन की बात में मोदी ने लोगों से कहा था कि उन्हें 15 अगस्त को लाल किले से देश के लोगों से बात करने का मौका मिलेगा। मैं केवल एक माध्यम हूं। केवल एक शख्स ही भाषण नहीं देगा बल्कि ये देश के 125 करोड़ लोगों की आवाज होगी।

- अफसरों की मानें तो इसको लेकर 'Narendra Modi App' और 'MyGov' पोर्टल पर कई सुझाव आए हैं।

- "नरेंद्र मोदी ऐप पर 6 हजार से ज्यादा सुझाव आए, वहीं माइगॉव पोर्टल पर लोगों की तरफ से 2 हजार सुझाव मिले।"

किन विषयों पर सुझाव मिले?

- ज्यादातर सुझाव शिक्षा, स्वच्छ भारत, पर्यावरण सुरक्षा, डिजिटाइजेशन और बेटी पढ़ाओ को लेकर मिले।

- बता दें कि मोदी आपसी सहयोग से शासन (पार्टिसिपेटिव गवर्नेंस) की बात करते हैं। वे हमेशा कई मुद्दों पर लोगों और एक्सपर्ट्स से सुझाव मांगते हैं।

ऐसी रही सिक्युरिटी

- पुलिस फोर्स के अलावा 500 स्पेशल कमांडो लाल किले पर तैनात थे। सिक्युरिटी के लिए इस इलाके को 16 सेक्टर्स में बांटा गया है। हर सेक्टर का सिक्युरिटी इंचार्ज एसीपी लेवल का अफसर ने संभाली। तीन सेक्टर का एक जोन होगा। इसकी जिम्मेदारी डीसीपी लेवल के अफसर की होगी।

- लाल किले के आसपास 600 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए। इनमें से 100 एचडी कैमरे हैं।

मोदी के नाम सबसे लंबी स्पीच देने का रिकॉर्ड, तोड़ा था नेहरू का रिकॉर्ड

- मोदी 2014 से अब तक तीन बार लाल किले से देश को संबोधित कर चुके हैं। 2014 में उन्होंने 65 मिनट लंबी स्पीच दी थी। इसके बाद 2015 में 86 मिनट 10 सेकंड की स्पीच देकर पंडित जवाहरलाल नेहरू के 1947 में दिए 72 मिनट के भाषण का रिकॉर्ड तोड़ा था। मोदी ने यह स्पीच सुबह 7.34 बजे पर शुरू की थी और 9.08 बजे खत्म की। इसके बाद उन्होंने 2016 में 95 मिनट की स्पीच दी थी।

- इससे पहले, अटल बिहारी वाजपेयी ने छह बार लाल किले से स्पीच दी। साल 2002 में 25 मिनट और 2003 में 30 मिनट की स्पीच दी थी। उनकी सबसे लंबी स्पीच 30 मिनट की रही।

- वहीं, मनमोहन सिंह ने 10 बार स्पीच दी। उनका सबसे छोटा भाषण 31 मिनट का रहा। वहीं, सबसे लंबी स्पीच 50 मिनट की रही।

दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

इन रास्तों पर सुबह 5-9 बजे तक ट्रैफिक बंद रहेगा

#नेताजी सुभाष मार्ग पर दिल्ली गेट से छत्ता रेल तक।

#लोथियन रोड पर जीपीओ दिल्ली से छत्ता रेल तक।

#श्यामा प्रसाद मुखर्जी मार्ग पर एचसीसेन मार्ग से यमुना बाजार चौक।

#चांदनी चौक पर फव्वारा चौक से लाल किला चौक तक।

#निषाद राज मार्ग से होकर रिंग रोड होते हुए नेताजी सुभाष मार्ग तक।

#लिंक रोड पर ऐसप्लेंडे रोड से नेताजी सुभाष मार्ग।

मोदी का भाषण सुनने यह चीजें साथ लेकर नहीं जाएं

- कैमरा, रिमोट कंट्रोल, कार-चाबी, छाता, हैंडबैग, ब्रीफकेस, ट्रांजिस्टर, सिगरेट लाइटर, टिफिन बॉक्स, पानी की बोतल ले जाना बैन है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें