मंगलवार, 14 जून 2016

पीसीसी के बाहर लगे होर्डिंग में प्रियंका को बताया 'तुझमें इंदिरा दिखती है', विवाद के बाद उतारकर फाड़ा

पीसीसी के बाहर लगे होर्डिंग में प्रियंका को बताया 'तुझमें इंदिरा दिखती है', विवाद के बाद उतारकर फाड़ा

— इंदिरा गांधी से की गई प्रियंका की तुलना
— आनन फानन में तुरंत हटाया होर्डिंग
— उतारने के बाद फाड़ दिया इंदिरा-प्रियंका गांधी का होर्डिंग


जयपुर। कांग्रेस पार्टी एक ओर जहां राहुल गांधी की राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर ताजपोशी की तैयारी में जुटी हुई है, वहीं कुछ कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी को कमान देने की वकालत कर रहे हैं। यूपी के बाद अब राजस्थान कांग्रेस दफ्तर के सामने भी आज सुबह प्रियंका गांधी के होर्डिंग लगा दिए गए। जयपुर शहर कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग ने आज सुबह पीसीसी के गेट पर प्रियंका का होर्डिंग लगाया। हालांकि बाद में मामले के तूल पकड़ने पर होर्डिंग हटाकर फाड़ दिया गया।



होर्डिंग में प्रियंका के साथ इंदिरा गांधी की फोटो भी लगाई गई थी, जिसमें इंदिरा गांधी से प्रियंका गांधी की तुलना करते हुए बाकायदा 'तुझमें इंदिरा दिखती है' जैसा स्लोगन लिखा गया था। यह होर्डिंग शहर अल्पसंख्यक विभाग के उपाध्यक्ष नवाब बख्श की ओर से लगाए गया था। इस होर्डिंग को हटाने के बाद पीसीसी के कर्मचारियों ने उसे फाड़कर गोदाम में डाल दिया।



वहीं दूसरी ओर, होर्डिंग फाड़ने की घटना को लेकर पीसीसी पदाधिकारियों में खलबली मच गई। मुख्यालय महासचिव गिरीराज गर्ग ने इस पूरे घटनाक्रम की जांच कराने की बात कही है। गर्ग ने कहा कि प्रियंका के होर्डिंग लगाना गलत नहीं है। वहीं उन्होंने होर्डिंग को उतारने के बाद फाड़े जाने की बात पर महज जांच कराने की बात कहकर पल्ला झाड़ दिया।



बहरहाल, कांग्रेस गलियारों में प्रियंका के साथ इंदिरा गांधी की फोटो को फाड़ने को लेकर तरह तरह की चर्चाओं का दौर शुरु हो गया है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें