बुधवार, 9 दिसंबर 2015

विधायक ने डीएसपी की गिरेबां पकड़ी

कोटा. विधायक ने डीएसपी की गिरेबां पकड़ी

कोटा. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह के कोटा दौरे के दौरान बुधवार को हवाई अड्डे के मुख्य परिसर में घुसने को लेकर भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारियों ने खूब धक्का-मुक्की और हंगामा किया।

इस बीच कोटा दक्षिण के विधायक संदीप शर्मा ने पुलिस उपाधीक्षक भंवर सिंह की गिरेबां पकड़ ली और धक्का देने का प्रयास किया। विधायक ने पुलिस अधिकारी से कहा कि कार्यकर्ताओं से गंदा मत बोलो, तमीज से पेश आओ।

इसके बाद भाजपा कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए और वे भी पुलिस से धक्का-मुक्की करने लगे। बाद में सभी कार्यकर्ताओं को अंदर प्रवेश देने पर मामला शांत हुआ।

हुआ यूं कि मुख्यमंत्री रमन सिंह के आने से कुछ देर पहले विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि परिसर के अंदर जाने लगे। उनके साथ कुछ पार्टी पदाधिकारी भी गए। जब ज्यादा कार्यकर्ता अंदर जाने लगे तो पुलिस ने उन्हें रोक दिया।

इस पर कुछ पार्षद और अन्य पदाधिकारियों ने विरोध किया। फिर पास में लगे टेंट के पास खड़े होकर कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करना शुरू कर दिया। विरोध कर रहे कार्यकर्ताओं ने कहा, शहर और देहात के जिलाध्यक्ष अंदर हैं।

जब हम बाहर खड़े हैं तो वो अंदर क्या कर रहे हैं। इसके बाद देहात जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह और विधायक हीरालाल नागर बाहर आ गए और कार्यकर्ताओं के साथ खड़े हो गए। दोनों ने कहा कि कार्यकर्ता नहीं जाएंगे तो हम भी यहीं रहेंगे।




फिर वे शहर अध्यक्ष हेमंत विजयवर्गीय को बाहर बुलाने की मांग पर अड़ गए और नारेबाजी शुरू कर दी। इस बीच उन्होंने जबरन अंदर जाने का प्रयास किया तो पुलिस के साथ झड़प हो गई। फिर विधायक भवानी सिंह राजावत आए और अपने कार्यकर्ताओं को अंदर ले गए, लेकिन संदीप शर्मा के कुछ कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोक लिया। इस पर शर्मा उन्हें बाहर लेने आए और विवाद हो गया।

कुछ पुलिसकर्मी कार्यकर्ताओं से साथ ठीक व्यवहार नहीं कर रहे थे, मैने उनसे यही कहा कि वे सम्मान से बातें करें। भीड़ के कारण धक्का-मुक्की के बाद मेरा हाथ अधिकारी के टच गया होगा। किसी को जानबूझकर पकडऩे का प्रयास नहीं किया। भीड़ में ऐसा हो जाता है। मैं अधिकारी और कार्यकर्ता सभी का सम्मान करता हूं।

संदीप शर्मा, विधायक, कोटा दक्षिण

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें