सोमवार, 28 दिसंबर 2015

कांग्रेस के मुखपत्र 'कांग्रेस दर्शन' में ही नेहरू और सोनिया पर तीखे प्रहार, पार्टी नेतृत्‍व पर उठाए सवाल

कांग्रेस के मुखपत्र 'कांग्रेस दर्शन' में ही नेहरू और सोनिया पर तीखे प्रहार, पार्टी नेतृत्‍व पर उठाए सवाल
कांग्रेस के मुखपत्र 'कांग्रेस दर्शन' में ही नेहरू और सोनिया पर तीखे प्रहार, पार्टी नेतृत्‍व पर उठाए सवाल

नई दिल्‍ली : कांग्रेस की पत्रि‍का 'कांग्रेस दर्शन' में पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू पर आपत्तिजनक लेख छपने के बाद पार्टी काफी असहज हो गई है। इस लेख में पार्टी नेतृत्‍व पर सवाल उठाए गए हैं। वहीं, पत्रिका के संपादक ने कहा कि जिन लोगों ने ये गलती की है उसके खिलाफ सख्‍त कार्रवाई की जाएगी। हैरानी की बात यह है कि यह लेख कांग्रेस के स्‍थापना दिवस के मौके पर छपा है।



मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, कांग्रेस के 131वें स्थापना दिवस से पहले पार्टी की मुंबई शाखा ने उसके लिए मुश्किलें पैदा कर दी हैं। मुंबई कांग्रेस के मुखपत्र में पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पर तीखे प्रहार किए गए है और उनके ऊपर तीखी टिप्पणियां की गई हैं। देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू को मुखपत्र में कश्मीर, चीन और तिब्बत नीति के लिए निशाने पर लिया गया है। मुखपत्र के लेख में साफ लिखा गया है कि नेहरू को अंतरराष्ट्रीय मामलों पर स्वतंत्रता सेनानियों और गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई की बात सुननी चाहिए थी। 15 दिसंबर को पटेल की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि देने के मकसद से इस महीने पार्टी की ‘कांग्रेस दर्शन’ के हिंदी संस्करण में प्रकाशित लेख में लेखक के नाम का उल्लेख नहीं है।




‘कांग्रेस दर्शन’ के दिसंबर इशू में नेहरू के नाती राजीव गांधी की पत्नी और वर्तमान में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पर भी फोकस किया गया है। जब पार्टी खुद सोनिया गांधी के विदेशी मूल पर बात करने से कतराती रही है, आर्टिकल में उनके शुरुआती जीवन पर डिटेल में लिखा गया है। इसमें उनकी एयर होस्टेस बनने की ख्वाहिश भी बताई गई है। मुखपत्र में उस आरोप पर भी बात की गई है जिसमें सोनिया के पिता को ‘फासिस्ट’ बताने और रूस के खिलाफ विश्व युद्ध में उनके हारने की बात की जाती रही है। आश्चर्यजनक रूप से, कांग्रेस खुद ही बीजेपी और दक्षिणपंथी गुटों को ‘फासिस्ट’ बताती रही है। कांग्रेस ने हमेशा से ही नेहरू और पटेल के बीच किसी भी तरह के मतभेद की अटकलों को खारिज ही किया है लेकिन ‘कांग्रेस दर्शन’ के दिसंबर इशू में इसपर बात की गई है। 15 दिसंबर को पटेल की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि भी दी गई है।




लेख में यह छपा है कि पटेल को उप प्रधानमंत्री और गृह मंत्री का पद मिला था इसके बावजूद दोनों नेताओं में संबंध तनावपूर्ण बने रहे और दोनों ने कई बार इस्तीफा देने की धमकी भी दी थी।’ नेहरू विदेश मामलों के इंचार्ज थे और कश्मीर मामले को उन्होंने अपने पास ही रखा था लेकिन पटेल, उप प्रधानमंत्री रहते हुए कुछ कैबिनेट बैठकों में शामिल हुए थे। आर्टिकल में लिखा गया है कि अगर पटेल की दूरदर्शिता को ध्यान में रखा गया होता तो आज के हालात कभी पैदा नहीं होते। पत्रिका में और भी कई हैरान कर देने वाली बातें हैं। दावा किया गया है कि पटेल की राय न मानने की वजह से नेहरू ने चीन, तिब्बत और नेपाल जैसे अंतरराष्ट्रीय मामलों को अस्त-व्यस्त कर दिया था।




लेख में कहा गया है कि उप प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के पद पर रहने के बावजूद दोनों नेताओं के बीच संबंध तनावपूर्ण बने रहे और दोनों ने उस वक्त कई बार इस्तीफा देने की धमकी भी दी थी। लेख के मुताबिक, अगर नेहरू ने पटेल की दूरदर्शिता को ग्रहण किया होता तो कई अंतरराष्ट्रीय मामलों को लेकर समस्या खड़ी नहीं होती। लेख में 1950 में कथित तौर पर पटेल के लिखे एक पत्र का हवाला दिया गया है, जिसमें उन्होंने तिब्बत को लेकर चीन की नीति के खिलाफ नेहरू को आगाह करते हुए चीन को ‘एक अविश्वासी और भविष्य में भारत के दुश्मन के तौर पर बताया है।लेख के अनुसार, अगर वह (नेहरू) पटेल की बात सुनते तो आज कश्मीर, चीन, तिब्बत और नेपाल की समस्याएं नहीं होतीं। पटेल ने कश्मीर मुद्दे को संयुक्त राष्ट्र संघ में उठाने के नेहरू के कदम का भी विरोध किया था और नेपाल पर पटेल के विचारों से भी वह सहमत नहीं थे।




गौर हो कि पत्रिका कांग्रेस दर्शन को संपादित करने का काम कांग्रेस के पूर्व सांसद संजय निरुपम करते हैं। कांग्रेस के इस मुखपत्र के संपादकीय बोर्ड में एमआरसीसी के चार और वरिष्ठ सदस्य हैं जिनके नाम संदेश कोंडविल्कर, भूषण पाटील, चित्रसेन सिंह और निजामुद्दीन रेइन हैं। इस मामले के सामने आने के बाद निरुपम ने अपनी गलती मान ली है। उन्होंने कहा है कि मैं सिर्फ नाम मात्र का संपादक हूं। संपादक मंडल में जिसने भी ये गलती की है उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। उन्‍होंने कहा कि हमारी यह कोशिश रहेगी कि भविष्‍य में ऐसी गलती फिर से न हो। मुंबई क्षेत्रीय कांग्रेस समिति के प्रमुख और जर्नल के संपादक संजय निरुपम ने लेख को लेकर अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि वह पत्रिका के हर दिन के काम में शामिल नहीं होते हैं इसलिए उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। इससे पहले शिवसेना के हिंदी समाचार पत्र ‘दोपहर का सामना’ का संपादन कर चुके निरूपम ने कहा कि मैं इस लेख से सहमत नहीं हूं। ऐसा प्रतीत होता है कि यह लेख कहीं से लिया गया है लेकिन मैं लेखक का नाम नहीं जानता हूं। इसके लिए सुधारात्मक कदम उठाया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें