बुधवार, 1 जनवरी 2014

प्रदेशाध्यक्ष चन्द्रभान ने निष्कासन करे रद्द

जयपुर। राजस्थान जयपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष सलीम कागजी द्वारा विधानसभा चुनाव में पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में पार्टी के दो पूर्व विधायकों तथा तीन ब्लॉक अध्यक्षों को छह साल के लिए निष्कासित करने की कार्रवाई को प्रदेश अध्यक्ष डॉ. चन्द्रभान ने बुधवार स्थगित कर दिया।
पार्टी के सूत्रों ने बताया कि कागजी की इस कार्रवाई से आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कार्यालय के समक्ष कागजी के खिलाफ प्रदर्शन और नारेबाजी करते हुए उनके इस्तीफे की मांग की। सूत्रों ने बताया कि डॉ. चन्द्रभान ने कागजी की इस कार्रवाई को स्थगित करने के साथ ही इस मामले को प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति को सौंपने की बात कही है। इसके साथ ही डॉ. चन्द्रभान ने पार्टी कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया है कि वह कागजी से बातचीत कर इस मामले में स्थिति स्पष्ट करने को कहेंगे।

उधर, कागजी ने कहा है कि उन्होंने जयपुर शहर की सीटों परविधानसभा चुनाव में खडे हुए पार्टी प्रत्याशियों की शिकायत मिलने पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त रहने वाले कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की है। जबकि पार्टी के नियमों के अनुसार वह पूर्व विधायक, प्रदेश कांग्रेस के सदस्य और ब्लॉक अध्यक्षों को निष्कासित करने के लिए अधिकृत नही हैं।

उल्लेखनीय है कि कागजी ने सोमवार को पूर्व विधायक गंगादेवी, पूर्व विधायक उदय सिंह राठौड़, सिविल लाइंस ब्लाक अध्यक्ष शिवराज सिंह शेखावत, जौहरी बाजार ब्लॉक अध्यक्ष अब्दुल रउफ, किशनपोल बाजार ब्लॉक अध्यक्ष राम अवतार अग्रवाल, शहर कांग्रेस उपाध्यक्ष गोपाल नावरिया, सचिव गणेश शर्मा ब्लॉक अध्यक्ष रवि वर्मा और जयपुर नगर निगम की महापौर ज्योति खण्डेलवाल के पति शरद खण्डेलवाल सहित 23 पदाधिकारियों को कांग्रेस से छह वर्ष के लिए निष्कासित करने के साथ ही खण्डेलवाल को कारण बताओ नोटिस जारी किया था।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष सलीम कागजी ने तो महापौर पर उनके बेटे अमीन कागजी को किशनपोल सीट से हराने का आरोप भी लगा दिया था। उल्लेखनीय है कि जयपुर शहर की सभी आठ सीटों पर कांग्रेस के प्रत्याशियों की करारी हार हुई थी। इसके बाद पार्टी में विवाद बढ़ता जा रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें