सोमवार, 13 जनवरी 2014

लापता विवाहिता का शव कुएं में मिला, पति पर शक


लापता विवाहिता का शव कुएं में मिला, पति पर शक

सरथूर-सिंदरली मार्ग पर पति से अनबन होने के बाद दो दिन पहले लापता हुई थी महिला

 पाली सादड़ी थाना क्षेत्र के सरथूर-सिंदरली मार्ग पर पति से अनबन होने के बाद दो दिन पहले लापता हुई विवाहिता का शव रविवार को एक कुएं में मिला है। ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस ने शव को बाहर निकालकर उसे सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। इस मामले में पति की भूमिका शक के दायरे में आ गई है। मृतका के भाई ने पुलिस को दी रिपोर्ट में आरोप लगाया कि उसका बहनोई दहेज के लिए उसकी बहन को आए दिन मारपीट करता था। शव का पोस्टमार्टम सोमवार को मेडिकल बोर्ड से कराया जाएगा।

पुलिस के अनुसार सरथूर निवासी मोहनलाल सरगरा की पुत्री संतोष की शादी सिंदरली निवासी गणेशराम के साथ हुई थी। 10 जनवरी को पैदल ही दोनों सिंदरली से सरथूर आ रहे थे। इस दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर अनबन होने पर महिला पीछे ही रह गई तथा उसका पति घर आ गया था। काफी देर तक महिला के घर नहीं लौटने पर गणेशराम व उसके साले रमेश कुमार ने सादड़ी थाने में आकर सूचना दी थी। शनिवार तक उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।

रविवार को एक कुएं में शव पड़ा होने की जानकारी के बाद सादड़ी थाने के एएसआई गनी मोहम्मद ने पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों के सहयोग से शव निकाला तो शव की पहचान संतोष के रूप में हुई। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल में रखवाया है। पुलिस में मृतका के भाई रमेश कुमार सरगरा ने रिपोर्ट देकर आरोप लगाया कि उसका बहनोई गणेशराम आए दिन उसकी बहन को कम दहेज लाने का ताना देते हुए उसे परेशान करता था। दो दिन पूर्व भी उसके बहनोई के साथ इसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें