जयपुर। राजधानी जयपुर के अजमेर पुलिया के पास फेंके गए नरमुंड की शिनाख्त हो गई है। मृतक की पहचान कटेवा नगर कच्ची बस्ती में रहने वाले नीरज के रूप में हुई। इस मामले में मृतक के जीजा भवानीसिंह शेखावत पर शक है। 24 दिसंबर को भवानी उसे घर से लेकर गया था। वहीं घटना के बाद से ही भवानी फरार है। पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए तफ्तीश शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार भवानी की अपनी पत्नी से अनबन थी। इसके चलते दोनों के बीच कई बार झगड़ा होता था। माना जा रहा है कि बदला लेने की नीयत से उसने इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया। वहीं पुलिस को भवानी के घर से कुल्हाड़ी और खून से सने हुए कपड़े मिले हैं। इसके अलावा फर्श पर भी खून बिखरा हुआ मिला।
गौरतलब है कि शुक्रवार सुबह सिविल लाइंस के पास अजमेर पुलिया के नीचे बोरे में एक नरमुंड मिला था। घटना की जानकारी पर राजकीय रेलवे पुलिस शुक्रवार सुबह मौके पर पहुंची। विधि विज्ञान प्रयोगशाला के विशेषज्ञों ने बताया कि हत्या बड़े धारदार हथियार से की गई थी। युवक के गाल पर भी 13 इंच का घाव मिला था। कान पर गहरी चोट है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें