सोमवार, 2 सितंबर 2013

वे चुनाव में सांप्रदायिकता भड़काएंगे : गहलोत







जैसलमेर



मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पोकरण में संदेश यात्रा के तहत जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव नजदीक आ रहे हैं और विपक्ष सांप्रदायिकता भड़काएगा।

हमें इस स्थिति का मिलजुल कर सामना करना है। उन्होंने वसुंधरा की सुराज यात्रा के बारे कहा कि उनके पास बोलने को कुछ नहीं है। एक भी जगह उन्होंने पानी बिजली का मुद्दा नहीं उठाया क्यों कि प्रदेश की सरकार सदियों से पानी की कमी झेल रहे लोगों के घर तक पानी पहुंचाने का काम कर री है। उन्होंने कहा कि गत सरकार अपने घमंड में पूरी हो रही थी और लोकतंत्र में घमंड का कोई स्थान नहीं है।

हमने हर काम हाथ में लिया है: प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने राज्य के विकास का हर काम हाथ में लिया है। राज्य बिजली में आत्म निर्भर बन रहा है। पेयजल की कई परियोजनाएं पूरी हो चुकी है। डेढ़ लाख का नौकरी दी जा चुकी है। डेढ़ लाख नौकरियां प्रक्रिया में चल रही है। 80 हजार को प्रमोशन दिया है। एक के बाद एक योजना लागू की जा रही है। सरकार ऐतिहासिक व क्रांतिकारी फैसले कर रही है।

सीएम ने दी भोलावण ढाई घंटे देरी से शुरू हुई सभा 

सीएम गहलोत ने कहा कि चुनाव नजदीक है और आगामी समय में शायद कम ही आ पाऊं इसलिए जनता से भोलावण है कि वे कांग्रेस को भारी बहुमत से जितवाएं। 
मुख्यमंत्री गहलोत निर्धारित समय से करीब ढाई घ्ंाटे देरी से पहुंचे। जिससे कई महिला दर्शक वहां से उठकर जाने लगी तो कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को मशक्कत करनी पड़ी। इस अवसर पर पोकरण विधायक शाले मोहम्मद, विधायक पदमाराम, मदन प्रजापत, ओम जोशी, अब्दुल गफार, विजय लक्ष्मी विश्रोई, प्रदेश महासचिव सुनीता भाटी, जेडीए चेयरमैन राजेन्द्र सौलंकी, जिला प्रमुख अब्दुला फकीर, यूआईटी चेयरमैन उम्मेदसिंह तंवर, नगरपरिषद सभापति अशोक तंवर, प्रधान मूलाराम चौधरी, पूर्व विधायक गोवद्र्धन कल्ला, नेनदान रतनू, जनकसिंह भाटी, छोटू खां कंधारी, युवा नेता मेघराज परिहार, प्रधान वहीदुल्ला मेहर, साबिर खां मंगलिया, रामप्रताप विश्रोई, प्रेमप्रकाश छंगाणी, रमेश माली, आशा नागौरी, सुनीता थानवी, दिव्या, मुस्कान, अंजली व निहारिका उपस्थित थीं। 

हमने गोली तो दूर लाठी नहीं चलने दी 
विपक्ष पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि हमारी सरकार में गोली तो दूर की बात रही लाठी चार्ज नहीं हुआ। गुर्जर आंदोलन भी हुआ लेकिन हमने उसे धैर्य के साथ निपटाया। विपक्ष किसी समय गौ माता के नाम पर राजनीति करता था, अब गौ माता को भूल चुके हैं। हमने गौ माता के लिए अलग से विभाग बना दिया। बुजुर्गों को तीर्थ यात्रा करवा रहे हैं।
सालों तक प्यास बुझेगी
इस अवसर पर जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री जितेंद्रसिंह ने कहा कि ये पेयजल योजना ऐसी है जिससे यहां के लोगों की सालों तक प्यास बुझेगी। उन्होंने कहा कि केरल राज्य के बराबर बाड़मेर जैसलमेर संसदीय क्षेत्र है, इसमें बिजली व पानी घर घर तक पहुंचाना अशोक गहलोत जैसा हिम्मत वाला मुख्यमंत्री ही कर सकता है। उन्होंने सरकार की उपलब्धियों को बताया।
मुख्यमंत्री की लोकप्रियता
मुख्यमंत्री गहलोत की लोकप्रियता इस संदेश यात्रा में देखने को मिली। पोकरण में आयोजित सभा में जैसलमेर, फलोदी और जोधपुर विधानसभा से भी भारी संख्या में लोग पहुंचे। इसे देखकर मुख्यमंत्री भी अपने पूरे संबोधन के दौरान प्रसन्नचित्त नजर आए।
पोकरण विधायक ने किया शक्ति प्रदर्शन
विधायक शाले मोहम्मद ने एक तरह से चुनाव का शंखनाद किया और पूरे फकीर परिवार ने अपनी पूरी ताकत झोंक कर ज्यादा से ज्यादा भीड़ जुटाने का प्रयास किया। जिसमें ये सफल भी हुए।
दूसरा मोदी ऊंचा खिलाड़ी है
प्रदेशाध्यक्ष डॉ. चंद्रभान ने पहले ललित मोदी पर निशाना साधा और बाद में कहा कि दूसरा मोदी तो उससे भी ऊंचा खिलाड़ी है। वह दंगे फसाद करवाएगा। उन्होंने वसुंधरा पर हमला करते हुए कहा कि हमारी सरकार के सभी मंत्रियों ने अपनी संपति सार्वजनिक कर दी है, मुख्यमंत्री के पास क्या है सभी को पता है लेकिन वसुंधरा ने मुख्यमंत्री रहते क्या किया और उनकी संपति कितनी है यह किसी को पता नहीं है। कटाक्ष करते हुए कहा कि उनकी विदेशों में जो संपति है उसका विवरण जनता के सामने रखे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें