गुरुवार, 30 मई 2013

टंकी पर चढ़ी महिलाएं, किया प्रदर्शन

टंकी पर चढ़ी महिलाएं, किया प्रदर्शन

मूण्डवा। मूण्डवा में लम्बे समय से लड़खड़ाई पेयजल व्यवस्था को लेकर कस्बेवासियों ने अब तक सभी अधिकारियों के समक्ष खूब फरियाद की है। पर समस्या बरकरार है। बुधवार को पेयजल समस्या से त्रस्त तेलियों के मोहल्ले की महिलाएं पार्षद रही गीता काला के नेतृत्व में सहायक अभियंता कार्यालय पहुंची। जहां अधिकारियों के नहीं मिलने से महिलाएं बिफर गई। उनका कहना था कि समस्या से अवगत कराने के बावजूद समाधान क्यों नहीं हो रहा। एक तरफ जलदाय विभाग पानी नहीं दे रहा। उन्हें निजी नलकूपों से पानी लाना पड़ता है।

फिटर को सुनाई खरी-खरी
सुबह करीब 10 बजे सहायक अभियंता कार्यालय पहुंची महिलाओं ने जमकर हंगामा किया। उन्होंने कर्मचारियों व फिटर को खरी-खरी सुनाई। अधिकारी नहीं होने से कर्मचारी उन्हें संतुष्ट नहीं कर पाए। महिलाओं के हंगामे से कार्यालय का काम काज प्रभावित हुआ।

कठे गिया साहब काम नहीं हुवे तो चुडियां पहनो
परेशान महिलाएं जब सहायक अभियंता के पास समस्या लेकर पहुंची तो वे कार्यालय में नहीं मिले। नाराज महिलाओं ने कहा कि जिती बार आवां साहब एकर ही कोनी मिलिया। कठे गया साहब काम नहीं हुवे तो चुडियां पहरो। ओ चुडियां पहरावण को काम म्हें करां। सूत्रों के अनुसार महिलाओं के आने की भनक लगने पर सहायक अभियंता आवास में ही रूक गए तथा बाहर से ताला लगवा लिया।

चढ़ गई टंकी पर
माकूल जवाब नहीं मिलने से नाराज महिलाएं सहायक अभियंता कार्यालय मे बनी टंकी पर चढ़ने लगी। महिलाओं को टंकी पर चढ़ते देख जलदाय कर्मियों के हाथ-पांव फूल गए। उन्होंने महिलाओं को जैसे-तैसे नीचे उतारने का प्रयास किया। वे नहीं मानी तो आनन-फानन मे पुलिस को सूचना दी गई। इस पर पुलिस सहायक अभियंता कार्यालय पहुंची। उन्होंने महिलाओं को अधिकारियों से बात कर समस्या का समाधान करवाने का भरोसा दिलाया तथा उन्हें टंकी से नीचे उतारा।

इनका कहना है
महिलाएं पानी की समस्या लेकर आई थी। मैं सुबह चेनार चला गया था। एक-दो व्यक्ति आकर बात करे तो पूरी बात समझी-सुनी जा सकती है। भीड़ में कोई अभद्र आचरण भी कर दे तो ठीक नहीं रहता। कस्बे में 48 घंटे में पानी दिया जा रहा है। एक-एक परिवार में 20-20 सदस्य हैं। पानी की मांग अधिक है। फिर भी हम एकान्तरे से करीब 10 लाख लीटर पानी दे रहे हैं।
- रामप्रसाद मौर्य सहायक अभियंता जलदाय विभाग, मूण्डवा

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें