रविवार, 19 मई 2013

नगलातुला में भीषण आग,50 घर स्वाहा

नगलातुला में भीषण आग,50 घर स्वाहा
जयपुर। भरतपुर जिले के रूदावल थाना क्षेत्र के नगलातुला गांव में रविवार को भीषण आग की चपेट में आने से करीब 50 से अधिक कच्चे-पक्के घर खाक हो गए हैं। आग इतनी भयानक थी कि जिला प्रशासन को सेना की मदद लेनी पड़ी है। पांच दमकलों की सहायता से पिछले पांच घंटे से अधिक की मशक्कत के बाद शाम को आग पर आंशिक रूप से काबू पा लिया गया।

हालांकि इलाके में स्थित कई कच्चे घर अब भी सुलग रहे हैं। प्राथमिक तौर पर आग के कारण और इससे हुए जान-माल के नुकसान का पता नहीं चल पाया है। भरतपुर जिला प्रशासन ने नुकसान के सर्वे की कार्यवाही शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार सुबह करीब 10.30 बजे इलाके में कच्चे-पक्के मकानों की एक बस्ती में यह आग लगी।

देखते ही देखते आग ने करीब 50 छोटे-बड़े घरों को चपेट में ले लिया। कच्चे मकानों में रखे लकड़ी और ईधन के तौर पर काम आने वाले छाणों के भंडार के कारण यह आग और भयानक हो गई। भरतपुर एडीएम सत्तार खान के अनुसार घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन की तीन दमकलें मौके पर रवाना की गई। इससे काम नहीं चलने पर भरतपुर स्थित सेना के आयुध डिपो की मदद मांगी गई। फिलहाल एक प्रशिक्षु आईएएस और पुलिस के आला अधिकारी घटना स्थल पर कैंप किए हुए हैं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग में कुछ मवेशियां जल गई जबकि एक बच्चा झुलसा है,जिसे प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

दो दमकलों के साथ भेजे जवान
सेना प्रवक्ता कर्नल एस.डी.गोस्वामी के अनुसार जिला प्रशासन के आग्रह पर सेना के आयुध डिपो से सेना का एक कॉलम (तकरीबन 30-35 जवान) और दो दमकलें तत्काल मौके पर भेजी गई। सेना की ओर से यहां आग बुझाने के साथ बचाव कार्य किया गया।

देर से पहुंचा प्रशासन
सुबह 10.30 बजे आग लगने के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। पहले तो ग्रामीणों ने ही एकत्रित होकर आग बुझाने का काम शुरू किया। जिला प्रशासन को इसकी सूचना दी गई,लेकिन करीब डेढ घंटे बाद प्रशासनिक अमला अपने साजो-सामान समेत मौके पर पहुंच पाया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें