रविवार, 4 नवंबर 2012

सोनिया-राहुल ने विपक्ष पर बोला हमला

सोनिया-राहुल ने विपक्ष पर बोला हमला

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी महासचिव राहुल गांधी ने जहां यूपीए सरकार की आर्थिक सुधार की नीतियों का पुरजोर समर्थन किया वहीं भाजपा पर हमला बोलते हुआ आरोप लगाया कि वह लोगों को बरगला रही है।

भ्रष्टाचार के आकंठ में डूबी है भाजपा

दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस की महारैली में पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि भाजपा भ्रष्टाचार में पूरी तरह डूबी हुई है और देश में लोकतंत्र की जड़ों को कमजोर कर रही है। सोनिया ने कहा कि भ्रष्टाचार कैंसर की बीमारी की तरह है और सरकार इसे खत्म करने के लिए दृढ़ संकल्प है। सरकार भ्रष्टाचार का पूरी शक्ति से मुकाबला करेगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

लोकपाल के लिए संघर्ष जारी रहेगा

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस ही सूचना का अधिकार कानून लाई है और लोकपाल कानून बनाने के लिए भी पूरी तरह से प्रयासरत है। लोकसभा में इसे पास कराया गया लेकिन भाजपा ने इसे राज्यसभा में पास नहीं होने दिया। लोकपाल विधेयक को पास कराने तक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा और हमें उम्मीद है कि इसमें कामयाब होंगे।

लोकतंत्र को कमजोर करने की हो रही कोशिश

भाजपा का नाम लिए बगैर कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि जो लोग हमें भ्रष्टाचार पर भाषण देते हैं,वे खुद पूरी तरह से भ्रष्टाचार के कीचड में डूबे हुए हैं। उन्होंने कहा कि जो दूसरों के लिए गbा खोदता है,उसके लिए स्वयं कुआं तैयार रहता है। देश की जनता ने पहले 2004 और फिर 2009 में कांग्रेस में विश्वास व्यक्त किया जिसे हमारे कुछ राजनीतिक विरोधी अब तक पचा नहीं पाए।

वे चुनी सरकार को कमजोर करने में जुटे हुए हैं। संसद की कार्यवाही में बाधा डालकर जन कल्याण के कानून पास नहीं होने देते और महत्वपूर्ण राष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा नहीं होने देना चाहते क्योंकि वे खुद भ्रष्टाचार के दलदल में फंसे हुए हैं और इससे उनका दोहरा चेहरा बेनकाब हो जाएगा। लोकतंत्र की बुनियाद कमजोर करने वाले लोग झूठे आरोप लगाने में भी संकोच नहीं करते। कांग्रेस ने देश में संसदीय लोकतंत्र की आधारशिला रखने में अहम भूमिका निभाई है और वह किसी को भी संविधान के साथ खिलवाड़ करने की इजाजत नहीं देगी।

कांग्रेस ही बदल सकती है राजनीतिक सिस्टम

इससे पहले कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी ने कहा कि मौजूद राजनीतिक सिस्टम आम आदमी के लिए सबसे बड़ी चुनौती है। राहुल ने कहा कि कांग्रेस ही इस सिस्टम को बदल सकती है। राहुल गांधी ने कहा कि हम देश को बदलने आए हैं और इसके लिए सोनिया गांधी और मनमोहन सिंह ने रास्ता दिखाया है। जबकि विपक्ष ने केवल बिना सोचे-समझे विरोध किया है।

उन्होंने कहा कि दुनिया का सबसे बड़ा रोजगार कार्यक्रम (मनरेगा)हमने ही शुरू किया। पारदर्शिता लाने के लिए आज जो भी कुछ हो रहा है वह आरटीआई के जरिए हो रहा है और यह आरटीआई हमने ही जनता को सौंपा है। हमारी सरकार ने ही हजारों करोड़ों का कर्ज माफ किया। जो आधी रोटी खाते है हम उसे पूरी रोटी देंगे। उनकी सरकार फिर से लोकपाल बिल लेकर आएगी और पास करवाएगी। राहुल ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि लोग विरोध करते हैं,रास्ता नहीं दिखाते। हमने दिखाया रास्ता है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें