रविवार, 27 मई 2012

ज्ञानाराम आरएएस एसोसिएशन के नए अध्यक्ष बने

जयपुर। राजस्थान प्रशासनिक सेवा परिषद (आरएएस) के रविवार को यहां सर्वसम्मति से हुए चुनाव में ज्ञानाराम को नया प्रदेशाध्यक्ष चुना गया। इसके साथ ही सत्यप्रकाश बसवाला को महासचिव और पंकज ओझा को उपाध्यक्ष पद पर मनोनीत किया गया।
निर्वाचन अधिकारी जसवंत सिंह यादव के अनुसार अध्यक्ष पद के लिए पहले पांच उम्मीदवारों ने नामांकन भरे थे। इनमें ज्ञानाराम, सत्यप्रकाश बसवाला, ओपी गुप्ता, वीपी सिंह प्रथम और पंकज ओझा थे। बाद में इनमें से चार उम्मीदवारों सत्यप्रकाश बसवाला, पंकज ओझा, ओपी गुप्ता और वीपी सिंह ने अपने नाम वापस ले लिए। इस तरह ज्ञानाराम को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
ऐसे बनी सर्वसम्मति : पदोन्नति में आरक्षण मुद्दे और समय पर चुनाव नहीं कराए जाने को लेकर एसोसिएशन में सुबह से ही खींचतान का सा माहौल था। पंकज ओझा, वीपी सिंह, ज्ञानाराम समेत कई उम्मीदवारों ने लॉबिंग शुरू कर दी थी। जबकि मौजूदा कार्यकारिणी के लोग अध्यक्ष पद पर सर्वसम्मति बनाने के पक्षधर थे। जैसे ही अध्यक्ष पद के लिए पांच नाम आए तो एकबारगी कार्यकारिणी के पदाधिकारियों में हलचल मच गई। बाद में निवर्तमान अध्यक्ष यज्ञमित्रसिंह देव, प्रवक्ता पवन अरोड़ा और जी.पी. शुक्ला ने सभी से बात करके अध्यक्ष पद पर सर्वसम्मति बनाई।

1 टिप्पणी:

  1. राजस्थान प्रशासनिक सेवा परिषद के नव न्र्वीछित अध्यक्ष श्री ज्ञानाराम, श्री पंकज ओझा को उपाध्यक्ष और सतपाल बसवाला को महासचिव चुने जाने पर बधाई |
    आशा है कि वर्षों से रुके इस सेवा के लोगों को भारतीय प्रशासनिक सेवा में पदोन्नति का मार्ग प्रशस्त होगा |

    जवाब देंहटाएं