सोमवार, 2 जनवरी 2012

रेल लाइनों पर सर्वे, सांचौर बनेगा बड़ा स्टेशन


नई उम्मीद रेलवे कर रहा तीन रेल लाइनों पर सर्वे, तीनों गुजरती हैं जालोर के सांचौर क्षेत्र से, इसी साल पूरा होगा सर्वे

जालोर



नया साल जिले की तरक्की के कई रास्ते लेकर आ रहा है। जिनसे जिले में ना केवल विकास के कदम बढ़ेंगे बल्कि रोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे। इसके साथ ही लोगों को आवाजाही में अनेक सुविधाएं मिलेंगी। जी हां, नए साल में रेलवे की ओर से यहां तीन रेल लाइनों पर सर्वे किया जाएगा। सबसे बड़ी बात यह है कि यह सर्वे पूरा भी इसी साल हो जाएगा। रेलवे कंस्ट्रक्शन डिपार्टमेंट ने इसकी पूरी तैयारी कर ली है। अब इसी माह से यह सर्वे शुरू कर दिया जाएगा। इस सर्वे का मुख्य उद्देश्य सीमावर्ती एरिया को वाया सांचौर गुजरात से जोडऩा है। सर्वे को लेकर क्षेत्र के भौगोलिक परिस्थितियों से जुड़े सभी तथ्य एकत्रित कर लिए गए हैं। रेलवे कंस्ट्रक्शन डिपार्टमेंट के अधिकारियों का कहना है कि तीन रेल लाइनों का सर्वे जिले के लिहाज से महत्वपूर्ण साबित होगा।

इस लाइन के मायने क्या

शुरूआती तौर पर इनमें से कोई एक मार्ग भी शुरू होता है तो जिले में विकास का नक्शा बदल जाएगा। अभी जिले में सांचौर ही एक मात्र ऐसा क्षेत्र है जो काफी महत्वपूर्ण है और रेल लाइन से वंचित है। यहां रेल लाइन बिछ जाने से उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। सांचौर एक तरफ गुजरात से तो दूसरी और पंजाब से सीधा जुड़ता है। इसके अलावा राज्य के जैसलमेर और बाड़मेर से भी इसका सीधा जुड़ाव है। इस प्रकार यह एक नया कॉरिडोर बनेगा। जिसमें देश के कई महत्वपूर्ण शहर एक साथ रेल लाइन से जुड़ जाएंगे। इन सभी का सीधा संपर्क गुजरात के कांडला बंदरगाह से होगा और सांचौर इन सभी के बीच महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन साबित होगा।

सूत्रों के अनुसार लगभग इसी माह सर्वे पर काम शुरू होगा। रेलवे की टीम इन मार्गों की आवश्यक जानकारी जुटाकर अपनी रिपोर्ट तैयार करेगी। इसके बाद यह रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी। वे इन तीनों मार्गों में प्राथमिकता के आधार पर चयन करेंगे। इसके बाद रेलवे आगे की कार्रवाई करेगा।

सर्वे जल्द ही शुरू होगा

॥विभिन्न स्थानों पर रेल लाइन सर्वे चल रहे हैं। इसमें से कुछ बॉर्डर एरिया सर्वे भी शामिल है। इस सर्वे में एक सर्वे संतालपुर, सुईगांव, वाव, राधनपुर वाया सांचौर रेल लाइन के लिए सर्वे की प्रक्रिया भी चल रही है। यह बॉर्डर एरिया सर्वे है। ॥ -ललित बोहरा, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, उत्तर पश्चिम रेलवे, जयपुर

इन मार्गों पर होगा सर्वे

यह तीनों मार्ग सांचौर से होकर गुजरते हैं। रेलवे इन तीनों के लिए सर्वे करेगा। जिसमें सबसे महत्वपूर्ण रेल लाइन राजस्थान के बॉर्डर एरिया को गुजरात राज्य से जोड़ेगी, जो जिले के सांचौर क्षेत्र से होकर गुजरेगी। विभागीय जानकारी के अनुसार यह सर्वे बॉर्डर एरिया से होकर संतालपुर, सुईगांव, वाव, राधनपुर तक किया जाएगा। यह सर्वे कार्य 31 मार्च 2012 तक होना है। इसके अलावा बाड़मेर पालनपुर सर्वे भी प्रस्तावित है, यह सर्वे भी वाया सांचौर होकर ही होना है। जबकि जैसलमेर-कांडला रेल लाइन सर्वे भी वाया सांचौर से ही गुजरना है। ऐसे में ये तीनों ही सर्वे आपस में जुड़े हुए ही है, जो सांचौर क्षेत्र में एक हो जाएंगे और आगे जाकर अलग अलग बंट जाएंगे।

हो चुका था सर्वे

विभागीय जानकारी के अनुसार पूर्व में बाड़मेर-पालनपुर वाया सांचौर रेल लाइन का सर्वे वेस्टर्न रेलवे ने किया था, लेकिन अब यह सर्वे पुन: होना है, जिसके लिए कार्य चल रहा है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि इन सभी सर्वे के लिए टीम जल्द ही गुजरात राज्य में विभागीय अधिकारियों से मिलेगी और सर्वे के बारे में विस्तार से चर्चा कर आगे की रूपरेखा तय करेगी।

मिल चुकी है टोबोसीट कलेक्शन

नई रेल लाइन के सर्वे के दौरान यह महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। ये सर्वे बॉर्डर एरिया के आस पास से होकर गुजर रहे हैं। इसलिए सर्वे से पहले कई बातों का ध्यान रखा जाता है। कंस्ट्रक्शन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इस प्रकार के सर्वे के लिए पहले टोबोसीट कलेक्शन अनिवार्य होता है। जिसमें पूरे क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति दिखाई देती है। इन सर्वे के लिए टोबोसीट कलेक्शन देहरादून से प्राप्त हो चुका है। जिसके बाद सर्वे कार्य भी शीघ्र ही शुरू कर दिया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें