शुक्रवार, 2 दिसंबर 2011

सफल जीवन की राह बताते हैं साईं के ये 4 सबक...शिरडी वाले सांई बाबा

त्यागमूर्ति साईं बाबा ने मानव धर्म का पालन ही सर्वोपरि बताया। इंसानियत की अहमियत उजागर करती साईं की यह सीख धर्म पालन की नासमझी से पैदा कट्टरता की गलत सोच के बंधनों में जकड़े हर इंसान को मानवीय रिश्तों में संवेदना व भावनाओं को ऊपर रख खुले विचारों के साथ व्यवहार और कर्मों को साधने की कला सिखाती है।
हिन्दू धर्म मान्यताओं के नजरिए से विचार करें तो परब्रह्म के त्रिगुण स्वरूप ब्रह्मा, विष्णु और महेश की रचना, पालन व बुरी शक्तियों के संहार के गुण साईं चरित्र में भी प्रकट होते हैं। दरअसल ब्रह्मदेव की ज्ञान शक्ति से रचना या बनाने का भाव, विष्णु की सत्व शक्ति यानी शांति से पालन और शिव का वैराग्य से सुख प्राप्ति का गुण साईं बाबा के ज्ञानी, त्यागी व शांत चरित्र में भी उजागर होता है।

यही कारण है कि साईं बाबा द्वारा बताई 4 अहम बातें व्यावहारिक जीवन में हर व्यक्ति को धर्म और मानवीयता से जोड़ जीने की राह बताती है। इसलिए साईं भक्ति में इन चार बातों से जीवन में जुडऩे की मुरादें मांगना भी अहम माना गया है। जानते हैं क्या बताया साईं ने -

बुराई से बचें - साईं बाबा ने सुख-शांति से जीवन बिताने के लिए हमेशा तन की मलिनता, मन के बुरे भाव, कर्म में आलस्य या धन के लिए गलत तरीके अपनाना जैसी हर तरह की बुराईयों से दूर रहने पर जोर दिया।

अहं - साईं बाबा ने विनम्रता व उदारता को सुखद जीवन का अहम सूत्र माना। जिसके लिए अहं भाव को मन में स्थान न देने का संदेश दिया।

धन के साथ बुद्धि - साईं ने यह भी सिखाया कि ईश्वर से धन की कामना बुरी नही, किंतु उसके साथ बुद्धि की कामना भी जरूर करें, ताकि धन का संग पाकर मन व जीवन में भटकाव न आए। बल्कि परोपकार में धन का उपयोग हो।

न्यायप्रिय वचन - साईं बाबा ने इस खास सूत्र द्वारा वचन की पवित्रता से सफलता की राह बताई। साईं ने सिखाया कि सत्य और न्यायप्रिय बोल की ही सार्थकता है। अन्यथा बुरे, अप्रिय या अन्याय से भरे शब्दों का कोलाहल जीवन को अशांत कर देता है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें