मंगलवार, 4 अक्तूबर 2011

गहलोत की पसंद की टीम

गहलोत की पसंद की टीम

जयपुर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस को करीब 6 साल बाद नई टीम मिली है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बहुप्रतीक्षित प्रदेश कांग्रेस की कार्यकारिणी का सोमवार को ऎलान कर दिया। करीब चार महीने से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ.चंद्रभान की टीम का इंतजार हो रहा था। 58 सदस्यीय कार्यकारिणी में बी.डी.कल्ला व सी.पी.जोशी की टीम के लगभग सभी चेहरे बदल गए। जानकारों के अनुसार कार्यकारिणी संतुलित है। गहलोत खेमे को तवज्जो के साथ दूसरे धड़ों और दिल्ली में राजनीति कर रहे नेताओं की पसंद का भी ध्यान रखा है।

समन्वय और अनुशासन समिति भी

प्रदेश कार्यकारिणी के साथ समन्वय समिति और अनुशासन समिति का भी गठन किया है। राजस्थान प्रभारी राष्ट्रीय महासचिव मुकुल वासनिक की अध्यक्षता में बनाई 12 सदस्यीय समन्वय समिति में मुख्यमंत्री गहलोत व प्रदेशाध्यक्ष चंद्रभान के साथ 3 केन्द्रीय मंत्रियों सी.पी.जोशी, सचिन पायलट व जितेन्द्र सिंह और लोकसभा में सदन के उपनेता शीशराम ओला को शामिल किया गया है।

काम : सत्ता व संगठन में तालमेल।

पूर्व मंत्री हीरालाल इंदौरा की अध्यक्षता में 6 सदस्यीय अनुशासन समिति बनाई गई है।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्णयानुसार पहली बार फ्लेगशिप प्रोग्राम मोनेटरिंग कमेटी की घोष्ाणा की गई है। पूर्व मंत्री भगराज चौधरी इसके अध्यक्ष व सांसद अश्क अली टाक संयोजक बनाए गए हैं।
काम : सरकार की प्रमुख योजनाओं और कार्यक्रमों के क्रियान्वयन पर नजर।

ये प्रमुख नेता नदारद

परसराम मोरदिया, रघु शर्मा, मुमताज मसीह, वीरेन्द्र पूनिया। इनमें मसीह लम्बे अरसे से पदाधिकारी थे, जबकि मोरदिया को समन्वय समिति में जगह मिली है। असंतुष्ट माने जाने वाले रघु, कर्नल सोनाराम, संयम लोढा, प्रतापसिंह खाचरियावास आदि को कार्यकारिणी सदस्य बनाया है। समन्वय समिति में दो केन्द्रीय मंत्री नमोनारायण मीणा और महादेव सिंह खण्डेला गायब हैं।

महेश जोशी भी नहीं

जयपुर के सांसद महेश जोशी किसी भी समिति में नहीं हैं।
अब मंत्रिमंडल फेरबदल, राजनीतिक नियुक्तियां!
अब जल्द ही मंत्रिमण्डल में फेरबदल और राजनीतिक नियुक्तियों की सम्भावना व्यक्त की जा रही है। माना जा रहा है कि रणनीति के तहत कुछ नेताओं को टीम से बाहर रखा गया हो, शीघ्र ही उन्हें नियुक्ति मिल जाए।

8 चेहरे पुराने, इनमें 3 पदोन्नत किए

रघुवीर मीणा महासचिव से उपाध्यक्ष, पुखराज पाराशर व जगदीश चंद्र शर्मा सचिव से महासचिव। 5 फिर सचिव- सरोज चौधरी, अजित सिंह शेखावत, गिरिराज गर्ग, मीनाक्षी चंद्रावत, बिजेन्द्र सिंह शेखावत।

दागी मत्रियों को कहीं जगह नहीं

सरकार के दागी मंत्रियों महिपाल मदेरणा, रामलाल जाट, बाबूलाल नागर, भरोसी लाल जाटव को कहीं जगह नहीं मिली है। बसपा से कांग्रेस में आकर मंत्री बने छह विधायकों को भी टीम में जगह नहीं मिली है।

टीम

58 सदस्य
09 उपाध्यक्ष
09 महामंत्री
39 सचिव
01 कोषाध्यक्ष

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें