गुरुवार, 1 सितंबर 2011

भरतपुर में होटल के बाहर फायरिंग,7 घायल

भरतपुर में होटल के बाहर फायरिंग,7 घायल

भरतपुर/जयपुर। भरतपुर के पूर्व राजपरिवार में काफी समय से चला आ रहा विवाद गुरूवार को तब हिंसक रूप ले बैठा, जब परिवार के ही एक सदस्य की ओर से लिखी गई किताब ने दोनों पक्षों के बीच गोलीकांड को जन्म दे दिया। इन सबकी परिणिति सुबह खुलेआम हुई फायरिंग के रूप में हुई, जिसमें सात लोगों के जख्मी होने की खबर है।

दोनों पक्ष इस मामले में एक दूसरे पर फायरिंग करने का आरोप लगा रहे हैं। बहरहाल, फायरिंग चाहे जिस ओर से हुई हो, लेकिन इस घटना में दो छात्राओं समेत सात लोगों के जख्मी हो जाने से पूरे इलाके में तनाव फैल गया है। तनाव को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस जाप्ता तैनात किया गया है। आईजी सुनील दत्त ने खुद हालात को कंट्रोल करने के लिए कैंप किया हुआ है। बताया जाता है कि घटना के समय भीड़ के साथ पूर्व एमपी विश्वेंद्रसिंह खुद अपनी पत्नी और पुत्र के साथ मौजूद थे। हालांकि इस तथ्य की पुष्टि नहीं हो पाई है।


जानकारी के मुताबिक राजपरिवार के विवाद के संबंध में छपी एक पुस्तक "भरतपुर का राजवंश" पर पिछले कई दिनों से विवाद सुलग रहा था। गुरूवार सुबह इसके विरोध में जब छात्र-छात्राओं ने मोर्चा निकाला, तो उसी दौरान फायरिंग हो गई और हालात बिगड़ गए। मामले की जड़ राजपरिवार पर परिवार के ही एक सदस्य की ओर से लिखी गई एक पुस्तक है। गुरूवार सुबह किताब के विरोध में भरतपुर एमएसजे कॉलेज और आरडी गल्र्स कॉलेज की छात्र-छात्राए विरोध करने के लिए पूर्व सांसद विश्वेंद्र सिंह के चाचा रघुराज सिंह के आगरा रोड स्थित लक्ष्मी विलास होटल पहुंचे।

छात्र-छात्राओं का नेतृत्व गल्र्स कॉलेज छात्रसंघ अध्यक्ष सरिता चौधरी कर रही थीं। प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने होटल के बाहर रघुराज सिंह का पुतला जलाया और बाद में होटल के अंदर घुस कर तोड़ फोड़ की। जवाब में होटल कर्मचारियाें ने छात्रों की पिटाई की। घटना में रघुराज सिंह के पुत्र दीपराज की ओर से गोली चलाए जाने की भी खबर मिल रही है।

फायरिंग में छात्रसंघ अध्यक्ष सरिता सिंह सहित सात जनों के घायल होने के समाचार हैं। घायलों को भरतपुर के आरबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पूर्व सांसद विश्वेन्द्र सिंह घायलों से मिलने अस्पताल पहुंचे। बताया जाता है कि घटना के बाद जिले में तनाव की स्थिति है। कई स्थानों पर दोनों पक्षों के लोगों की ओर से एक-दूसरे पर पथराव किये जाने की खबर है। साथ ही सड़क रोकने व वाहनों को जलाने के भी समाचार मिल रहे हैं।

दोनों पक्षों ने की फायरिंग

पूरे घटनाक्रम के बाद फिलहाल पुलिस ने कोई मामला दर्ज नहीं किया है, लेकिन दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर गोली चलाने का आरोप लगाया है। घटना मथुरा गेट थाने की है।

यह है मामला

पूर्व सांसद विश्वेन्द्र सिंह के चाचा रघुराज सिंह ने करीब दो माह पहले भरतपुर के राजपरिवार के संबंध में एक किताब लिखी थी। इस संबंध में पूरे परिवार में तनाव चल रहा था। गुरूवार को ही विश्वेन्द्र सिंह ने इस किताब में लिखे गए तथ्यों के संबंध में विज्ञापन भी प्रकाशित करवाया है। बताया जाता है इसको पढ़ने के बाद कॉलेज के छात्र-छात्रा विरोध करने के लिए रघुराज सिंह के होटल पहुंचे थे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें