मंगलवार, 2 अगस्त 2011

81 की उम्र में बांधेंगे सेहरा

81 की उम्र में बांधेंगे सेहरा 
 
अहमदाबाद। आप यकीन करे या न करें, लेकिन यह सच है। अहमदाबाद के 81 वर्षीय ब्रह्मरलाल जोशी छह बच्चों के पिता होने के बावजूद अब दूसरी शादी करने जा रहे हैं। हाल ही में उनकी 75 वर्षीय पत्नी का स्वर्गवास हुआ है। नई जिंदगी की शुरूआत कर वे इस गम को भुलाना चाहते हैं।

ब्रह्मरलाल ने शादी के लिए मैरिज ब्यूरो से संपर्क किया था। दो माह पहले ही इस बावत उन्होंने अपना बायोडाटा भी जमा कराया। छह उम्रदराज महिलाओं को देखने के बाद जोशी को बड़ोदरा की एक 62 वर्षीय महिला पसंद आई है। जोशी 30 साल तक यहां के स्वामीनारायण आर्ट्स कॉलेज में शिक्षक की भूमिका निभाए हैं और बीते 25 साल से वे गुजरात विश्वविद्यालय में व्याख्याता हैं। जोशी के मुताबिक, शादी के बाद उनकी इच्छा नई-नई और खूबसूरत जगहों के सैर सपाटे की है।
 

30 हजार पेंशन
बकौल जोशी, मैं अभी भी फिट और पूरी तरह स्वस्थ हूं, तो फिर मैं अपने जीवन का सूरज क्यों डुबोऊं। मैं अपने जीवन के अंतिम दिनों को बहुत अच्छी तरह जियूंगा। जोशी की बातों से कहीं भी ऎसा नहीं लग रहा था कि वे अपनी जिंदगी से उदास हैं। एक बंगला, कार के मालिक ब्रह्मरलाल को वर्तमान में 30 हजार रूपए की मासिक पेंशन भी मिलती है।
 

उनके इस फैसले को परिवार के प्रत्येक सदस्य फिर चाहे वह उनका बेटा हो या बेटी या फिर नाती-पोता, सभी ने समर्थन किया है। आज भी सभी एक संयुक्त परिवार में ही जीवन बसर कर रहे हैं। जोशी ने तय किया है कि उनकी मृत्यु के बाद पेंशन का आधा हिस्सा उनकी पत्नी को दिया जाएगा।
 


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें