बुधवार, 29 जून 2011

बाबा और अन्ना भाजपा के मुखौटे

अन्ना, बाबा और भाजपा निशाने पर  बाबा और अन्ना भाजपा के मुखौटे
 




जयपुर। कांग्रेस की जनजागरण रैली में पार्टी नेताओं ने जहां केन्द्र की यूपीए सरकार व प्रदेश सरकार की नीतियों की जमकर तारीफ की वहीं सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे, योग गुरू बाबा रामदेव पर जमकर निशाना साधा। रैली में कांग्रेसी नेताओं ने कहा कि बाबा और अन्ना भाजपा के मुखौटे हैं। काले धन, महंगाई समेत तमाम मुद्दों पर विपक्ष के आरोपों को सिरे से नकारते हुए कांग्रेसी नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार की सफलता विपक्ष को पच नहीं रही है इसलिए वह तरह-तरह के हथकंडे अपना रहा है।

रैली को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, केन्द्रीय मंत्री सीपी जोशी, केन्द्रीय मंत्री सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ चन्द्रभान सहित कई अन्य नेताओं ने संबोधित किया। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी मूकुल वासनिक और प्रभारी सचिव विवेक बंसल और दिल्ली से आए शकील अहमद ने भी रैली को संबोधित किया। इस अवसर पर लोकसभा में उपनेता शीशराम ओला, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बी डी कल्ला, डॉ. गिरिजा व्यास तथा कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। रैली में करीब प्रदेश भर से 15 हजार लोग शामिल हुए।

कांग्रेसी नेताओं ने कहा कि भाजपा नेताओं के पास कोई मुददा नहीं है इसलिए वे बाबा और अन्ना जैसे लोगों का सहारा लेकर यूपीए सरकार को बदनाम करने की कोशिशों में लगे रहते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भाजपा के दुष्प्रचार का मुंहतोड़ जवाब देने का आह्वान किया। कांग्रेसी नेताओं ने कहा कि भाजपा जब सत्ता में रहती है तो अपने भ्रष्ट मंत्रियों, नेताओं के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करती तथा जब बाहर आती है तो उसे भ्रष्टाचार याद आता है। केन्द्र सरकार कालेधन को वापस लाना चाहती है लेकिन प्रधानमंत्री उसे जादू की तरह नहीं ला सकते।

केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्री डा. सी पी जोशी ने कहा कि भाजपा ने राममंदिर, धारा 370 जैसे मुद्दे उठाए लेकिन उनसे देश नहीं चलता। देश चलाने के लिए नीति बनानी पड़ती है तथा कांग्रेस नीतियों के बल पर ही इस देश को खड़ा करना चाहती है। राज्य सरकार ने कर कम करके लोगों की कमर पर महंगाई का बोझ उतारने का प्रयास किया हैं। केन्द्रीय मंत्री एवं कांग्रेस महासचिव मुकुल वासनिक ने अन्ना हजारे के आंदोलन के पीछे भाजपा को बताते हुए चेतावनी दी कि प्रधानमंत्री या कांग्रेस नेताओं के खिलाफ गलतबयानी करने वालों बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अन्ना हजारे जो कहेंगे वह ही सच होगा और दूसरा कहे वह गलत होगा। ऎसा नहीं चलने देंगे। 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें