मंगलवार, 28 जून 2011

भिड़ंत के बाद गुस्साई भीड़ ने रोका रास्ता




जोधपुर। सूरसागर बाइपास पर मंगलवार सुबह एक बाइक पर सवार युवक-युवती को ट्रैक्टर ने चपेट में ले लिया। जिससे दोनों घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने युवती को अस्पताल में भर्ती करवाया। हादसे के बाद क्षेत्रवासियों ने स्पीड ब्रेकर लगवाने की मांग करते हुए मुख्य सड़क पर पत्थर रखकर रास्ता जाम कर दिया। लोगों ने टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। आखिरकार, मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर रास्ता खुलवाया।
सूरसागर थानाधिकारी वीरेंद्रसिंह ने बताया कि तनवाडिया बेरा गेंवा निवासी अमृतलाल और उसकी रिश्तेदार जयश्री पुत्री रतनसिंह बाइक पर सूरसागर बाइपास से गुजर रहे थे। इसी दौरान एक ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को चपेट में ले लिया। इससे जयश्री घायल हो गई। उसे लोगों ने अस्पताल में भर्ती करवाया। इससे क्षुब्ध क्षेत्रवासी दोपहर तक काफी संख्या में एकत्र हुए और रास्ते पर पत्थर व अन्य सामग्री डालकर जाम कर दिया।
उनका कहना था कि स्पीड ब्रेकर नहीं होने की वजह से यहां आए दिन हादसे हो रहे हैं। रास्ता जाम होने की सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। इस दौरान लोगों ने रास्ते पर टायर जलाए। पुलिस अधिकारियों के समझाने के बाद लोगों ने रास्ता खोला। दुर्घटना थाना (पश्चिम) पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त चालक की तलाश शुरू कर दी है।

भारत ने 14 पाक कैदियों को वतन भेजा

भारत ने 14 पाक कैदियों को वतन भेजा
 



अटारी। भारत ने उसकी विभिन्न जेलों में बंद 14 पाकिस्तानी कैदियों को उसके देश वापस भेज दिया है।इनमें से 10 पाकिस्तानी मछुआरे भी शामिल हैं।

पाकिस्तानी उच्चायोग द्वारा इमरजेंसी ट्रैवल सर्टिफिकेट जारी किए जाने के बाद सभी 14 कैदियों को मंगलवार को अटारी बाघा बॉड्रर के रास्ते पाकिस्तानी सीमा में प्रवेश दिया गया। इनमें से 10 मछुआरे गुजरात की जेलों में बंद थे । 2 पाकिस्तानी जम्मू कश्मीर की जेल जबकि एक-एक कैदी महाराष्ट्र व पंजाब की जेलों में कैद थे। सभी को अवैध तरीके से भारतीय सीमा में प्रवेश करने के आरोप मे गिरफ्तार किया गया था। 

बलात्कार पीडिता को सरकार देगी 2 लाख रूपए

बलात्कार पीडिता को सरकार देगी 2 लाख रूपए 
 

नई दिल्ली। केंद्र सरकार बलात्कार पीडितों को मुआवजा देने के लिए एक अगस्त से एक योजना की शुरूआत करेगी।

केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री कृष्णा तीरथ ने कहा कि इस योजना को मंजूरी मिल गई है और इसके लिए बजट उपलब्ध करा दिया गया है। इस योजना की शुरूआत एक अगस्त से करने का निर्णय लिया गया है। इस योजना का उद्देश्य वित्तीय मदद और सहयोग सेवाएं के जरिए बलात्कार पीडितों को एक नव जीवन प्रदान करना होगा।

मंत्रालय से जारी एक बयान में कहा गया कि इस क्षति शारीरिक एवं मानसिक दोनों की भरपाई हालांकि वित्तीय मदद की किसी भी राशि से पूरी तरह नहीं की जा सकती। इस योजना के जरिए बलात्कार पीडिता को इस योग्य बनाना है ताकि वह अपनी मानसिक दशा के साथ सहयोग और जरूरतों को पूरा कर सके।

इस योजना के तहत पीडिता को दो लाख रूपए दिए जाएंगे जबकि विशेष परिस्थितियों में इस बढ़ाकर तीन लाख रूपए भी किया जा सकता है। 

हॉलैंड में पशुओं को "हलाल" करने पर बैन

हॉलैंड में पशुओं को "हलाल" करने पर बैन 
 




एम्स्टर्डम। हॉलैंड की संसद ने एक महत्वपूर्ण फैसले में पशुओं के हलाल किए जाने या कोशर किए जाने पर प्रतिबंध लगा दिया है। संसद के इस फैसले से इस्लामी और यहूदी समुदाय में काफी नाराजगी है।

हॉलैंड की सबसे छोटी "एनिमल राइट पार्टी" ने यह बिल संसद में रखा जिस पर मंगलवार को वोटिंग की गई। निचले सदन में इसे बहुमत से पारित कर दिया गया लेकिन कानून बनने से पहले अभी इस विधेयक को उच्च सदन में पास होना जरूरी है।

बिल में कहा गया है कि किसी भी बूचड़खाने में पशु को मारने से पहले उसे अचेत किया जाना चाहिए। जबकि इस्लामी परंपरा में प्रयोग किए जाने वाली हलाल प्रथा व यहूदी रस्मों की कोशर प्रथा में पशुओं को तड़पा-तड़पा कर मारा जाता है। इन तरीकों से पशुओं को बेहद दर्द होता है। बिल में कहा गया है कि धार्मिक स्वतंत्रता को असीमित नहीं रखना चाहिए। जब किसी मनुष्य या जीव पर अत्याचार हो रहा हो वहां पर सभी धार्मिक स्वतंत्रता और भावनाएं रोक देनी चाहिए।

डच संसद के फैसले पर यहूदी समुदाय व इस्लामी समुदाय में काफी रोष है। गौरतलब है कि हॉलैंड में करीब 10 लाख मुस्लिम और 40 हजार यहूदी लोग रहते हैं। 

शराब के लिए 15 हजार में बेच दी बीवी

शराब के लिए 15 हजार में बेच दी बीवी 
 

कोच्चि। केरल के कासरागोड जिले में एक शराबी व्यक्ति ने शराब का खर्चा निकालने के लिए मात्र 15 हजार रूपए में ही अपनी पत्नी को बेच डाला। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है।

महिला का आरोप है कि रबर टैपिंग का काम करने वाले उसके पति प्रसाद ने अपने ही दोस्त मनोज को उसे मात्र 15 हजार रूपए में बेच दिया। प्रसाद ने जनवरी 2011 में यह सौदा शराब का खर्चा चुकाने के लिए किया था। पीडिता ने प्रथम श्रेणी मजिस्ट्रेट की अदालत में इस बात की शिकायत की जिसके बाद पुलिस ने प्रसाद को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया और उसे 14 दिन की रिमांड पर भेज दिया गया।

महिला ने आरोप लगाया कि मनोज और प्रसाद रोजाना याराब पीकर आते थे और उसका सौदा हो जाने के बाद कई बार दोनों ने उसका रेप किया। मनोज अभी भी फरार चल रहा है।