गुरुवार, 10 मार्च 2016

उदयपुर कुख्यात राजू वांटेड अहमदाबाद जेल से गिरफ्तार



उदयपुर कुख्यात राजू वांटेड अहमदाबाद जेल से गिरफ्तार


खेरवाड़ा कस्बे में दबदबा कायम करने के लिए एक कपड़ा व्यवसायी पर फायरिंग करने वाले आरोपितों को हथियार सप्लाई करने वाले राजू वांटेड को पुलिस ने अहमदबाद के साबरमती जेल से गिरफ्तार किया। राजू उर्फ राजिया कुख्यात अपराधी है। उस पर पूर्व में डबोक में पुलिस पर फायरिंग करने का भी आरोप है। इस मुठभेड़ में राजिया का साथी पुलिस की गोली से मारा गया था। न्यायालय ने आरोपित को सात दिन के पुलिस रिमांड पर रखने का आदेश दिया।

जिला पुलिस अधीक्षक राजेन्द्रप्रसाद गोयल ने बताया कि 6 सितम्बर को खेरवाड़ा में कपड़ा व्यवसायी पर फायरिंग के मामले में बंजारिया निवासी राजेन्द्र, सहदेव, मनीष उर्फ सलमान, मुकेश डामोर को गिरफ्तार किया था। सहदेव ने पूछताछ में वारदात में काम ली पिस्टल राजिया से लाने की जानकारी दी। पुलिस राजिया की तलाशी कर रही थी।

इस बीच वह अहमदाबाद में एक अन्य वारदात में पकड़ा गया। एएसपी चन्द्रशील ठाकुर के निर्देशन थानाधिकारी रतनसिंह मय टीम आरोपित को साबरमती जेल से गिरफ्तार कर लाई। राजिया खेरवाड़ा में दर्ज 9 प्रकरणों में वांछित होने के साथ मफरूर घोषित था। उसके खिलाफ अवैध हथियारों की सप्लाई करने, हत्या के प्रयास, आगजनी जैसे संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह पैरोल के बाद से फरार हो गया था।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें