रविवार, 30 मार्च 2014

महिला ने "आप" नेता का मुंह किया काला

अजमेर। आम आदमी पार्टी के अजमेर लोकसभा क्षेत्र प्रत्याशी अजय सोमानी के नामांकन वापस लेने से नाराज कार्यकर्ताओं ने वैशाली नगर एलआईसी कॉलोनी स्थित पार्टी कार्यालय पर सोमानी के विरूद्ध नारेबाजी की। एक महिला कार्यकर्ता ने आवेश में आकर सोमानी के चेहरे पर स्याही पोत दी।
आप ने पिछले दिनों सोमानी को अजमेर लोकसभा क्षेत्र से पार्टी का अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया था। सोमानी पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं। शनिवार को नामांकन वापसी के आखिरी दिन वह चुनाव मैदान से हट गए। इसकी भनक लगते ही पार्टी कार्यकर्ता पार्टी के एलआईसी कॉलोनी स्थित कार्यालय के बाहर एकत्र हो गए।

कार्यकर्ताओं ने सोमानी के खिलाफ नारेबाजी की। सोमानी जैसे ही कार्यकर्ताओं से बात करने बाहर आए। एक महिला कार्यकर्ता किरण शेखावत स्याही लेकर सोमानी की ओर से लपकी। सोमानी ने बचने का प्रयास किया तो किरण ने पीछे से पकड़ कर उनके चेहरे पर स्याही पोत दी। इसके बाद सोमानी एक युवक के साथ मोटरसाइकिल पर बैठकर रवाना हो गए। घटना के बाद किरण ने बताया कि सोमानी ने कार्यकर्ताओं तथा पार्टी के साथ छल किया है। नामांकन वापस लेना उनका व्यक्तिगत फैसला नहीं हो सकता है।

बैठक में हो गए हताश
सोमानी शनिवार सुबह पार्टी कार्यालय पहुंचे। वहां जिला संयोजक राजेन्द्र सिंह हीरा सहित अन्य पदाधिकारी के साथ उन्होंने चर्चा की। सोमानी ने बैठक में ही हताशा भरी बातें करना शुरू कर दिया। एकाएक सोमानी ने नामांकन वापस लेने की बात बैठक में कही। यह सुनते ही हीरा व अन्य पदाधिकारी सकते में आ गए। उन्होंने इस निर्णय के लिए सोमानी को जमकर खरी-खोटी सुनाइ्रü।

इनका कहना है
मंैने नामांकन व्यक्तिगत कारण से वापस लिया है। मेरे परिचित की तबीयत खराब है। उन्हें मेरी आवश्यकता है। इसलिए मैंने नामांकन वापस लिया है।

अजय सोमानी, आप प्रत्याशी
अजय सोमानी के इस निर्णय से कार्यकर्ताओं को आघात पहुंचा है। नामांकन वापस लेने से पहले हमसे चर्चा तक नहीं की गई। डेढ़ माह तक टिकट के लिए पार्टी पदाधिकारियों के चक्कर लगाते रहे। अब बिना पूछे इतना बड़ा निर्णय कर लिया। अब दूसरा उम्मीदवार भी खड़ा नहीं कर सकते हैं। प्रदेश संयोजक को प्रकरण से अवगत करा दिया है। वहां से फिलहाल दिशा निर्देश प्राप्त नहीं हुए हैं।
राजेन्द्र सिंह हीरा, जिला संयोजक, आम आदमी पार्टी - 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें