सोमवार, 29 जुलाई 2013

सीडी देवल के बेटे ने वसुंधरा राजे का स्वागत किया, सियासी गलियारों में चर्चा शुरू






सीडी देवल के बेटे ने वसुंधरा राजे का स्वागत किया, सियासी गलियारों में चर्चा शुरू 

पाली कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष व पूर्व विधायक सीडी देवल के पुत्र तथा जिला कांग्रेस के महामंत्री अशोक देवल के रविवार को सुराज संकल्प यात्रा लेकर जिले में पहुंचीं पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का रायपुर में अपने समर्थकों के साथ स्वागत करने से जिले की कांग्रेस राजनीति में एक बार फिर से नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं देवल ने ना केवल रायपुर के समीप वसुंधरा के काफिले को रोककर उनका स्वागत किया,बल्कि दो से तीन मिनट तक बात भी की। जिलाध्यक्ष पद से हटाने के बाद अपने धुर विरोधी सांसद बद्रीराम जाखड़ तथा संसदीय सचिव दिलीप चौधरी के मुद्दे पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत तक को अपने बयानों में धृतराष्ट्र की संज्ञा देने वाले सीडी देवल के खिलाफ उनके विरोधियों को एक बार फिर नया मुद्दा मिल गया है। देवल ने हाल ही जैतारण में गहलोत की सभा से भी दूरी बनाए रखी। 

रायपुर से कांग्रेस के विधायक रह चुके तथा कभी कांग्रेस की जिले की राजनीति में एकछत्र राज करने वाले पूर्व आईएएस सीडी देवल को राजनीतिक बियावान में धकेलने की कार्रवाई तब ही शुरू हो गई थी,जब उनको कांग्रेस जिलाध्यक्ष पद से विदा कर उनके सामने किसी वक्त में उनके खासमखास रहे अजीज दर्द को यह कुर्सी संभला दी गई। इसे कांग्रेस की स्थानीय राजनीति में सांसद बद्रीराम जाखड़ की जीत के रूप में देखा जा रहा था। इसके बाद सीडी देवल ने सांसद व जैतारण में अपने खिलाफ निर्दलीय चुनाव जीतकर सरकार में संसदीय सचिव के पद पर आसीन होने वाले दिलीप चौधरी के खिलाफ मोर्चा ही खोल दिया था। उन्होंने स्थानीय स्तर पर सभाओं व जयपुर में हुई कांग्रेस के आला पदाधिकारियों की बैठक में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को भी घेर लिया था। गत दिनों मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के जैतारण दौरे को भी उन्होंने रद्द कराने के भरसक प्रयास किए। इसमें सफलता नहीं मिलने पर देवल ने मुख्यमंत्री को जाखड़ व चौधरी के मामले में धृतराष्ट्र तक कह डाला था। इसके बाद मुख्यमंत्री के जैतारण दौरे में भी उन्होंने तथा उनके समर्थकों ने किनाराकशी कर लिया था। दोनों पक्षों में छिड़ी यह जंग अभी तक बयानबाजी में ही चल रही थी कि रविवार को अचानक हुए घटनाक्रम में देवल के पुत्र व कांग्रेस टिकट पर जिला परिषद सदस्य रह चुके अशोक देवल ने पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का स्वागत कर बहस का नया मुद्दा खड़ा कर दिया है। 

अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस महामंत्री अशोक देवल स्वागत करने के लिए पहुंचे
हाईवे पर किया स्वागत


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधराराजे का काफिला रविवार को सोजत से जैतारण के लिए निकला तो कांग्रेस के जिला महामंत्री अशोक देवल रायपुर के समीप नेशनल हाइवे पर पहुंच गए थे। उनके साथ काफी समर्थक भी थे। बताया जाता है कि रायपुर पहुंचते ही अपने हाथ में पुष्पगुच्छ लेकर खड़े अशोक देवल ने वसुंधरा के वाहन में जाकर उनका स्वागत किया। इस दौरान दोनों के बीच दो-तीन मिनट तक बातचीत भी हुई। देवल को अचानक भाजपा की प्रदेशाध्यक्ष के स्वागत में इंतजार में खड़ा देखकर भाजपा कार्यकर्ताओं को भी हैरत हुई। स्वागत के बाद देवल वहां से चले गए। भास्कर संवाददाता ने उनसे बात करने का प्रयास किया लेकिन वे उपलब्ध नहीं हुए। देर रात तक उनका फोन नो रिप्लाई रहा। 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें