सोमवार, 1 अप्रैल 2013

निर्माणाधीन टांका ढहने से एक मरा, एक घायल


निर्माणाधीन टांका ढहने से एक मरा, एक घायल 



पाटोदी
निकटवर्ती परेऊ गांव में नवातला रोड पर स्थित एक खेत में टांका निर्माण कार्य के दौरान रेत ढहने से एक श्रमिक की मौत हो गई तथा खेत मालिक घायल हो गया, जिसे परेऊ पीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद बालोतरा रेफर किया गया।

जानकारी के अनुसार रविवार को परेऊ निवासी भंवरसिंह पुत्र हेमसिंह के खेत में मनरेगा तहत के टांका निर्माण कार्य चल रहा था। भंवरसिंह व श्रमिक रूघाराम (35) पुत्र पीराराम भील निवासी परेऊ, दोनों टांका निर्माण के दौरान टांके के पेंदे पर कार्य कर रहे थे। रविवार शाम करीब 5:15 बजे अचानक टांके से निकाली गई रेत दोनों के ऊपर ढह गई। इससे दोनों रेत के नीचे दब गए। दोनों के चिल्लाने की आवाज पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों के बाहर निकाला। गंभीर स्थिति में दोनों को 108 एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल ले जाया जा रहा था कि रूघाराम ने बीच रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं भंवरसिंह को परेऊ अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बालोतरा रेफर किया गया। सूचना मिलने पर गिड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।




टैक्सी चालक के साथ मारपीट के विरोध में लगाया जाम

सिवाना  मोकलसर पुलिस चौकी में कार्यरत एक कांस्टेबल ने रविवार सुबह सिवाना-मोकलसर सड़क मार्ग पर एक टैक्सी चालक के साथ टैक्सी को साइड में लेने की बात को लेकर मारपीट कर दी तथा चालान कर दिया। इससे आक्रोशित टैक्सी यूनियन के चालकों ने राजमार्ग पर जाम लगा दिया तथा करीब आधे घंटे तक पुलिस के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया। जानकारी के अनुसार रविवार सवेरे 11 बजे सिवाना निवासी दलपतसिंह अपनी टैक्सी को लेकर सिवाना से मोकलसर की तरफ जा रहा था। बीच रास्ते में मोकलसर पुलिस चौकी में कार्यरत कांस्टेबल विष्णु कुमार के साथ टैक्सी को साइड में लेने की बात को लेकर कहासुनी हो गई। इस दरम्यान कांस्टेबल ने टैक्सी चालक के साथ मारपीट कर दी तथा चालान कर दिया। इस घटना के बाद सिवाना टैक्सी यूनियन में रोष व्याप्त हो गया तथा आक्रोशित यूनियन के टैक्सी चालकों ने थाने के आगे एकत्रित होकर विरोध प्रदर्शन करना शुरू किया। इसके बाद टैक्सी चालकों ने देर शाम 7:30 बजे राजमार्ग पर जाम लगा दिया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया। इस पर सिवाना थानाधिकारी सुमेरसिंह ने यूनियन के पदाधिकारियों के साथ समझाइश कर जाम हटवाया। 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें