मंगलवार, 16 अप्रैल 2013

वसुंधरा की लहर से तिलमिलाई कांग्रेस : मानवेंद्र सिंह


वसुंधरा की लहर से तिलमिलाई कांग्रेस : मानवेंद्र सिंह 

सुराज संकल्प यात्रा को लेकर शिव विधानसभा क्षेत्र का दौरा 

 शिव भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य और पूर्व सांसद मानवेंद्र सिंह ने सोमवार को सुराज संकल्प यात्रा के प्रचार-प्रसार के लिए शिव विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने आमजन को जून माह में प्रदेशाध्यक्ष वसुंधरा राजे की सुराज संकल्प यात्रा में अधिक से अधिक भागीदारी निभाने का आह्वान किया। मानवेंद्र सिंह ने शिव विधानसभा क्षेत्र के निंबला, नागादड़ा, भिंयाड़, आरंग चचीरा, कानासर, उंडू, काश्मीर, मौखाब आदि गांवों का दौरा कर लोगों को सुराज संकल्प यात्रा में भागीदारी का आग्रह किया। सभा को संबोधित करते हुए मानवेंद्रसिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार के शासन में जनता पानी के लिए आंदोलन कर रही है। सरकार ने पशुधन के लिए चारा-पानी की कोई व्यवस्था नहीं की जिससे उनकी हालत दयनीय है। कांग्रेस सरकार काम में कम और घोषणाओं में अधिक विश्वास करती है। प्रदेशभर में वसुंधरा राजे के नाम की लहर चल पड़ी है। सभा में डॉ.जालम सिंह रावलोत ने कहा कि कांग्रेस सरकार की कथनी और करनी में अंतर है। उन्होंने कहा कि चुनावी राजनीति के लिए गहलोत सरकार के पास कंपनियों को देने के लिए करोड़ों रुपए है, लेकिन जनता को पानी मुहैया करवाने के लिए पैसा नहीं है। सभा में रूपसिंह राठौड़, पुरुषोत्तम खत्री, जयसिंह उंडू आदि ने भी संबंधित किया। उनके साथ कानसिंह राजपुरोहित, रूपसिंह, गिरधरसिंह कोटडिय़ा, जय सिंह उंडू, स्वरुप सिंह, भीमसिंह भियाड़, भोमसिंह बलाई सहित भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी थे। 




'निशुल्क जांच योजना चुनावी स्टंट'

बाड़मेर. शिव क्षेत्र के बीसूकला में आयोजित प्रशासन गांवों के संग शिविर का सोमवार को पूर्व सांसद मानवेंद्र सिंह ने अवलोकन किया। इस दौरान सिंह ने ग्रामीणों की समस्याओं को सुना। उन्होंने कहा कि सरकार ने निशुल्क दवा योजना के नाम पर सबसे बड़ा घोटाला किया है। सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार ने कमीशन लेकर दवा कंपनियों से मिलीभगत कर निम्न स्तर की दवाइयां वितरित की जा रही है। उन्होंने कहा कि निशुल्क जांच योजना भी चुनावी स्टंट है। उन्होंने कहा कि चिकित्सालय में अगर तकनीकी चिकित्सक और सुविधाएं नहीं है तो निशुल्क जांच का कोई औचित्य नहीं है। शिव में लोग पेयजल की समस्या से जूझ रहे हैं। विकास के क्षेत्र में भी शिव काफी पिछड़ा हुआ है। कांग्रेस विकास के नाम पर आमजन को बरगला रही है। इस मौके पर उनके साथ डॉ.जालम सिंह रावलोत भी थे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें