बुधवार, 20 जुलाई 2011

पत्नी का खून पीने वाला गिरफ्तार




पत्नी का खून पीने वाला गिरफ्तार 
 

दामोह। दहेज न मिलने पर पत्नी को प्रताडित कर उसका खून पीने वाले पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दामोह जिले के शिकारपुरा गांव की रहने वाली दीपा अहिरवार ने पिछले दिनों पुलिस में शिकायत दर्ज की थी, कि उसका पति महेश अहिरवार पिछले तीन सालों से उसका खून पी रहा है। पुलिस ने महेश को दिल्ली से गिरफ्तार किया। पत्नी के साथ की जा रही दरिंदगी का खुलासा होने के बाद महेश दिल्ली भाग गया था और मजदूरी करने लगा था, लेकिन पुलिस ने उसे वहां से धर दबोचा। आरोपी के पिता और भाई को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी। सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तार करने के बाद महेश को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। 

उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों दामोह के इस ड्रैकुला का पता चला था। दहेज न मिलने से नाराज महेश अपनी पत्नी पर इसका गुस्सा निकाला करता था। वह उसका खून पीकर उसे प्रताडित करता था। यहां तक कि जब पत्नी मायके चली जाती थी, तो वहां पहुंचकर भी उसके साथ दरिंदगी से पेश आता था। पुलिस ने महेश के खिलाफ दहेज प्र्र्रताड़ना का केस दर्ज किया था। दीपा की ओर से पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार उसका पति लगभग हर दिन एक सीरिंज के जरिए उसके शरीर से खून निकालता था और उसे पी जाता था। महेश ने उसे धमकी दी थी कि यदि उसने यह बात किसी को बताई तो वह उसका बहुत बुरा हाल करेगा। 

दीपा के मुताबिक 2007 में उसकी शादी महेश से हुई थी। महेश पेशे से खेतीहर मजदूर है। शादी के कुछ महीने बाद से ही महेश ने दीपा का खून पीना शुरू कर दिया था। पत्नी ने पुलिस को दर्दनाक आपबीती सुनाते हुए कहा था कि महेश का तर्क था कि खून पीने से वो मजबूत बन जाता है और जब दीपा प्रेगनेंट थी, उस दौरान भी महेश उस पर कहर बरपाने से बाज नहीं आता था। 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें