बुधवार, 8 अक्तूबर 2014

मां ने दुधमुंही बेटी पर उड़ेला केरोसिन, जिंदा जलाया -

महोबा। एक महिला ने अपनी तीसरी बेटी को जन्म दिया, लेकिन बेटे की चाह में वह इतनी अंधी हो गई कि वह यह भी भूल गई कि वह खुद भी किसी की बेटी है। 
infant girl child killed by mother in mahoba district
उसने अपनी दुधमुंही बेटी को मंगलवार रात जिंदा जला दिया। ससुर को जब घर में उस बच्ची की अस्थियां और राख मिली तो उसने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी।

पुलिस ने उस महिला को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। यह दर्दनाक घटना उत्तर प्रदेश में महोबा जिले के श्रीनगर क्षेत्र की है। 

अपर पुलिस अधीक्षक रामयश ने बताया कि बबलू अहिरवार की पत्नी राजकली पिछले दिनों अपनी तीसरी संतान के रूप में फिर से बेटी के जन्म से खासी दुखी थी। बेटे के चाहत ने उसे बुरी तरह परेशान कर रखा था। 

उन्होंने बताया कि घर में अकेले होने पर मंगलवार रात उसने अबोध बच्ची पर केरोसिन तेल डालकर आग लगा दी। काम से वापस घर लौटने पर महिला के ससुर देशा अहिरवार को जब यह घटना पता चली तो वे अवाक रह गए। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचित किया। 

अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि महिला राजकली को हिरासत में ले लिया गया है। बालिका की जली हुई अस्थियों को परीक्षण के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें