सोमवार, 20 जून 2011

महिला को गैंग रेप के बाद जिंदा जला दिया

लखनऊ. उत्तर प्रदेश में रेप की एक और वारदात सामने आई है। इस बार मामला एटा का है जहां 35 साल की एक महिला को 5 लोगों ने अपनी हवस का शिकार बनाया। इन आरोपियों ने महिला को गैंग रेप के बाद जिंदा जला दिया। इससे पहले कन्नौज में एक १४ साल की लड़की से बलात्कार की कोशिश की गई और नाकाम रहने के बाद उसकी आंखों पर घातक वार किए गए। इस मामले में एक सब इंस्पेक्टर सहित दो पुलिसकर्मियों को समय पर रिपोर्ट न लिखने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दूसरा फरार है। इसी बीच कानपुर में एक नाबालिग लड़की को उसी के माता पिता ने जिंदा जला दिया।
पिछले सप्ताह ही लखीमपुर खीरी में एक लड़की की हत्या कर, लाश को पुलिस थाना परिसर में एक पेड़ से लटका दिया गया था। ताजा घटना कन्नौज के गुरपुरवा गांव की है। आरोपी कुलदीप और निरंजन यादव उसे रास्ते में रोककर पहले खेतों में ले गए, जहां उसे घसीटा और फिर बलात्कार की कोशिश की। विरोध करने पर उसकी दोनों आंखों में चाकू से वार किए। बाद में वे बेहोश लड़की को खेत में ही छोड़कर फरार हो गए। गांव वालों को जानकारी मिलने के बाद वे उसे अस्पताल ले गए।
डॉक्टरों ने बताया कि लड़की की एक आंख की रोशनी पूरी तरह चली गई है और शायद ही सामान्य स्थिति में आ पाएगी। उसे इलाज के लिए कानपुर भेजा गया है। पुलिस ने निरंजन यादव को पकड़ लिया है। 
प्रशासन ने एक सब इंस्पेक्टर सहित दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। इन्हें घटना को लेकर तत्काल कार्रवाई न करने और एफआईआर न दर्ज करने के आरोप में निलंबित किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बलात्कार और हत्या का प्रयास करने का मामला दर्ज कर लिया है।
कांग्रेस के महासचिव दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री मायावती की कड़ी आलोचना की है और कहा है कि प्रदेश में महिलाएं कतई सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरा पुलिस तंत्र भ्रष्ट और नकारा हो गया है।
बंदूक की नोंक पर बलात्कार
बस्ती के रानीपुर बेलादी गांव में एक युवक ने बंदूक की नोंक पर बलात्कार किया।   पुलिस ने आरोपी सत्ती सिंह के खिलाफ मामला पंजीबद्ध कर लिया है और आरोपी की तलाश की जा रही है। 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें