रविवार, 30 अगस्त 2015

रावतसर.दाह संस्कार को लेकर दो समुदायों में तनाव

रावतसर.दाह संस्कार को लेकर दो समुदायों में तनाव


रावतसर. गांव पोहड़का में शनिवार को दाह संस्कार की जगह को लेकर दो समुदायों में तनाव पैदा हो गया। समझाइश के बावजूद दोनों पक्ष नहीं माने और लाठी-भाटा जंग शुरू कर दी। इसमें दोनों पक्षों के चार जने घायल हो गए। कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। शाम को समझाइश से महिला की अंत्येष्टि करवा दी गई। गांव में भारी संख्या में पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है। वहां तनावपूर्ण शांति है। पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में दोनों पक्षों के प्रमुख लोगों के साथ वार्ता जारी है।
घटनाक्रम के अनुसार गांव के ओमप्रकाश मेघवाल की पत्नी कांता देवी की शुक्रवार मृत्यु हो गई। उसके अंतिम संस्कार के दौरान शनिवार को जगह को लेकर विवाद हो गया। एक पक्ष ने जहां दाह संस्कार वाली जगह को श्मशान भूमि बताया। जबकि दूसरे समुदाय के लोगों का कहना था कि उक्त भूमि कब्रिस्तान की है। विवाद बढऩे पर मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। दोनों पक्षों में तनाव के बीच कुछ लोगों ने गाली-गलौच कर दी। थोड़ी ही देर में दोनों तरफ से लाठी-भाटा चलने लगे। इसमें चार जने घायल हो गए।
लगभग डेढ़ घंटे बाद हनुमानगढ़ से पुलिस अधीक्षक गौरव यादव भारी पुलिस जाब्ते के साथ घटनास्थल पहुंचे। हालात का निरीक्षण कर दोनों पक्षों के लोगों से बातचीत की। इसके बाद दोनों तरफ के प्रमुख व्यक्तियों से एक साथ वार्ता शुरू की। यद्यपि वार्ता के बाद महिला का दाह संस्कार तो शाम करवा दिया गया। मगर तनाव कम नहीं हुआ। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। इसमें दस-बारह लोग घायल हो गए। उनको रावतसर सीएचसी लाया गया। यहां विधायक द्रौपदी मेघवाल व पूर्व विधायक धर्मेन्द्र मोची ने मौके पर पहुंच समझाइश का प्रयास किया। गांव में देर शाम तक पुलिस अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी व भारी जाब्ता तैनात था।
दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया जा रहा था। बताया जा रहा है कि गांव में एक ही जगह पर श्मशान व कब्रिस्तान है। इसके सीमांकन को लेकर दोनों पक्षों में विवाद है। इस संबंध में न्यायालय में भी मामला विचाराधीन है।

आगरा।पांच बच्चों वाले हिन्दू परिवारों को शिवसेना देगी 2 लाख का इनाम



आगरा।पांच बच्चों वाले हिन्दू परिवारों को शिवसेना देगी 2 लाख का इनाम
शिवसेना की आगरा इकाई ने ऐसे हिन्दू परिवारों को 2 लाख रुपए देने की घोषणा की है जिनके पांच बच्चे हैं। शिवसेना ने यह कदम हाल ही में जारी जनगणना के आंकड़ों में हिन्दुओं की जनसंख्या में गिरावट के मद्देनजर लिया है। हिन्दू जनसंख्या में गिरावट पर शिवसेना ने चिंता जताई है।



मीडिया रिपोर्ट्स केे मुताबिक शिवसेना की स्थानीय इकाई के प्रमुख वीणू लवाणिया का कहना है कि जनगणना के जारी आंकड़ों में हिंदुओं की जनसंख्या में गिरावट हमारे लिए चिंता का विषय है। ऐसे मं अब हमने ज्यादा बच्चे पैदा करने पर इनाम देने का निर्णय लिया है।



उन्होंने कहा कि 2010 से 2015 के बीच जिन हिंदू परिवारों में पांच बच्चे हैं उन्हें दो लाख रुपए का इनाम दिया जाएगा।



इनाम पाने के लिए बच्चों के माता-पिता को नगर पालिका या नगर परिषद की ओर से जारी किया गया जन्म प्रमाण पत्र दिखाना होगा।



गौरतलब है कि हाल ही में जारी जनगणना 2011 के आंकड़ों में जहां हिन्दुओं की आबादी में गिरावट आई है वहीं मुस्लिमों की आबादी में वृद्धि आई है।