गुरुवार, 27 अक्तूबर 2011

देश भर में धूमधाम से मनी दीपावली

देश भर में धूमधाम से मनी दीपावली
 

जयपुर/नई दिल्ली। देश भर में रोशनी का पर्व दीपावली धूम धाम से मनाया गया। शाम होते ही पूरा देश रोशनी से जगमग हो उठा। पहले लोगों ने घरों में लक्ष्मीपूजन कर सुख समृद्धि की कामना की। इसके बाद रंग बिरंगी आतिशबाजी का मजा लिया गया। आतिशबाजी देर रात तक जारी रही। राजस्थान की राजधानी जयपुर में भी लोगों ने पूरी श्रद्धा और उल्लास से दिवाली मनाई।

जयपुर के जौहरी बाजार,त्रिपोलिया, चौड़ा रास्ता, किशनपोल और चांदपोल बाजार रंग बिरंगे बल्बों की रोशनी में नहा उठे। चांदपोल व्यापार मंडल की ओर से छोटी चौपड़ पर स्वागत द्वार बनाया गया। जगमगाते बाजारों को देखने के लिए देशी विदेशी सैलानी उमड पडे।

शहर के बाहर की बड़ी कॉलोनियों के बाजारों की जगमगाहट भी देखते ही बन रही थी। जयपुर का आसमान रंग बिरंगे पटाखों से गुंजायमान रहा। लोगों ने घरों की छतों पर चढकर आतिशबाजी का नजारा देखा। बुधवार सुबह से ही छोटी काशी में बाजार सज गए। श्रद्घालु सुबह मंदिरों में भगवान के दर्शन करने पहुचे। शहर के आराध्य गोविंद देव जी मंदिर में सुबह ठाकुर जी का पंचामृत अभिषेक कर नवीन पोशाक धारण करवाई गई।

गोवर्धन पूजा कल

पांच दिवसीय दीपोत्सव के तहत गुरूवार को गोवर्धन पूजा होगी। मंदिरों में प्रभु को अन्नकूट व छप्पन तरह के व्यंजनों का भोग लगेगा। मंदिरों व घरों में महिलाएं गोवर्धन बना पूजन कर सुख समृद्धि की कामना करेंगी। शुक्रवार को भाईदूज पर बहनें भाइयों के तिलक लगाकर सौभाग्य की कामना करेंगी। इस दिन चित्रगुप्त का पूजन भी होगा, व्यवसायी लेखनी और दवात का पूजन करेंगे।