रविवार, 6 मार्च 2011

थार महोत्सव का आगाज 23 मार्च से होगा।





थार महोत्सव का आगाज 23 मार्च से होगा।
ऐसे होंगे ठाट उड़ेगी पंतगें, सजेगी हाट



 बाड़मेर

थार महोत्सव का आगाज 23 मार्च से होगा। इस बार थार महोत्सव को
 रोचक बनाने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इस बार महोत्सव में गायक कलाकार राजा हसन भी प्रस्तुति देंगे। वहीं फुड फेस्टिवेल, महाबार के धोरों पर पतंग प्रतियोगिता होगी। हॉट बाजार की स्थापना से हस्तशिल्प को बढ़ावा मिलेगा। 
जिला कलेक्टर गौरव गोयल ने थार महोत्सव के कार्यक्रमों में रोचक एवं मनोरंजक कार्यक्रम शामिल करने के निर्देश दिए है, ताकि अधिकाधिक लोग कार्यक्रमों में शामिल हो सकें।
कला, संस्कृति, हस्तशिल्प को मिलेगा बढ़ावा
 
कलेक्टर गोयल ने कहा कि जिले की कला, संस्कृति, हस्तशिल्प को जग जाहिर करने तथा पर्यटन विकास के मकसद से आयोजित किए जाने वाले थार महोत्सव में सभी की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों को रोचक एवं मनोरंजक रूप प्रदान किया जाए तथा अधिकाधिक देशी विदेशी पर्यटकों को महोत्सव में आमंत्रित करने के पुरजोर प्रयास किए जाएं। इस संबंध में उन्होंने व्यापक प्रचार-प्रसार करने के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।

आगाज शोभायात्रा से
तीन दिवसीय थार महोत्सव का आगाज 23 मार्च को सुबह 8.30 बजे निकाली जाने वाली शोभायात्रा के साथ होगा। शोभायात्रा गांधी चौक से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरती हुई आदर्श स्टेडियम पहुंचेगी।
रोचक प्रतियोगिताएं होगी
आदर्श स्टेडियम में बेस्ट मूंछ प्रतियोगिता, साफा बांध प्रतियोगिता, दादा पोता दौड़, देशी व विदेशी महिलाओं के बीच रस्सा कस्सी, बेस्ट पति-पत्नी दौड़ सहित विभिन्न प्रकार की विचित्र एवं रोचक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
 
बालोतरा में होंगे विभिन्न कार्यक्रम
 
थार महोत्सव के आखिरी दिन 25 मार्च को बालोतरा में शोभायात्रा एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं के अलावा भगतसिंह स्टेडियम में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसी दिन कनाना में गैर नृत्य का भी आयोजन किया जाएगा। बैठक में नगरपालिका अध्यक्षा उषा जैन, मुख्य कार्यकारी अधिकारी बी एल कंदोई, भूमि अवाप्ति अधिकारी एम एल नेहरा एवं महेन्द्रसिंह, उपखंड अधिकारी शिव नखतदान बारहठ, सहायक लेखाधिकारी चूनाराम पूनड़ सहित पर्यटन, केयर्न इंडिया, राजवेस्ट के अधिकारी, व्यवसायी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
सजेगा हॉट बाजार, होगा
 
फुड फेस्टिवल
24 मार्च को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक शिल्पग्राम में हॉट बाजार, फुड फेस्टिवल के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 24 को शाम 6 बजे आदर्श स्टेडियम के प्रांगण में ख्यातनाम कलाकार राजा हसन की ओर से आकर्षक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा





कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें