शनिवार, 1 नवंबर 2014

फिर हुआ डीजल, पेट्रोल सस्ता, जानें कीमत


नई दिल्ली। अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में कच्चा तेल की कीमतों में आई गिरावट को देखते हुए तेल विपणन कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों क्रमश: 2.41 रूपए और डीजल 2.25 रूपए प्रति लीटर की कटौती की है। नई दरें मध्यरात्रि से लागू हो जाएंगी।

सरकार ने 18 अक्टूबर को डीजल को नियंत्रणमुक्त कर दिया था। उस समय तेल विपणन कंपनियों ने डीजल की कीमत 3.37 रूपए (दिल्ली में) घटाई थीं। एक पखवाड़े के दौरान डीजल की कीमतों में दूसरी बार कमी हुई है।
petrol 2.4 and diesel 2.25 rupees decrease

पेट्रोल के दाम में इस वर्ष अगस्त के बाद यह छठी बार कमी की गई है। अगस्त से अब तक पेट्रोल की कीमत 8.27 रूपए (दिल्ली में) घट चुकी है। दिल्ली में अब एक लीटर पेट्रोल 64.24 रूपए का मिलेगा।

डीजल की कीमत दिल्ली में अब घटकर 53.35 रूपए प्रति लीटर रह जाएगी। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतो में लगातार गिरावट का रूख बना हुआ है और पिछले पांच माह के दौरान दाम एक चौथाई लुढ़क चुके हैं। अनुमान व्यक्त किया जा रहा है कि आने वाले दिनों में कच्चे तेल की कीमतों में और गिरावट होगी।

सरकार ने पेट्रोल को जून 2012 में ही सरकारी नियंत्रण से मुक्तकर दिया था, लेकिन डीजल के दाम सरकार तय करती थी। पिछले साल जनवरी में डीजल पर अंडर रिकवरी कम करने के उद्देश्य से सरकार ने तेल विपणन कंपनियों को हर माह 50 पैसे प्रति लीटर बढ़ोतरी करने की इजाजत दी थी। इसके बाद कंपनियों ने हर माह कीमतों में बढ़ोतरी की और अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत घटने के बाद पहली बार कंपनियों को इस पर कई वर्षो के बाद फायदा होने लगा।

नरेंद्र मोदी सरकार ने 18 अक्टूबर को लिए फैसले में डीजल की कीमतें तय करने का जिम्मा भी कंपनियों के हवाले कर दिया। इसके बाद से यह दूसरी कटौती है।

-

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें