शनिवार, 5 जुलाई 2014

देवशयनी एकादशी:कर्म की एकाग्रता का समय हुआ शुरू



किसी भी समुदाय की परंपराएं उसके लोग, मौसम, जीवन-शैली, आर्थिक स्थिति और लोगों की मानसिकता को आधार मानकर विकसित की जाती है।

हम इन परंपराओं के पीछे की मान्यता और दर्शन से चाहे अनभिज्ञ हों, लेकिन हम उनका पालन इसलिए करते हैं कि वे हमें विरासत में मिली होती है, लेकिन यदि हम उन परंपराओं के पीछे के दर्शन को भी समझेंगे तो शायद अपनी विरासत के प्रति हममें और सम्मान भी जागेगा।

आषाढ़ शुक्ल पक्ष की एकादशी को हमारी मान्यता में देवताओं की रात शुरू हो जाती है। ये माना जाता है कि विष्णु इस दिन से शयन में चले जाते हैं। हमारे यहां हर शुभ कार्य में विष्णु की उपस्थिति अनिवार्य मानी जाती है और चूंकि विष्णु शयन में होते हैं, इसलिए इस पूरे अंतराल में सारे शुभ कार्य वर्जित माने जाते हैं।

पौराणिक मान्यता के अनुसार आषाढ़ शुक्ल एकादशी से लेकर कार्तिक शुक्ल एकादशी के बीच के समय में विष्णु क्षीरसागर चले जाते हैं। इस बीच गृह-प्रवेश, विवाह, देवताओं की प्राण-प्रतिष्ठा, यज्ञ-हवन, संस्कार आदि कार्य नहीं किए जाते हैं। पौराणिक मान्यता ये भी है कि एक-के-बाद-एक देवता शयन की अवस्था में आते हैं। विष्णु के लौटने के बाद शिव इस अवस्था में जाते हैं।

भारतीय संस्कृति में व्रत नियमों एवं पूजा का विधान मौसम एवं प्रकृति को ध्यान में रखकर भी किया गया है। देवशयनी एकादशी का दर्शन भी यही है। इस दिन से चातुर्मास का समय शुरु होता है। चातुर्मास का समय वर्षा ऋतु का होता है। प्राचीन काल से ही भारत कृषि प्रधान देश है।

इसलिए वर्षा ऋतु के चार माह खेती के लिए बहुत महत्वपूर्ण होते हैं। इस समय में किसान अपने सामाजिक जिम्मेदारियों से दूर रहकर चार महीने अपना खेती का काम निश्चिंत होकर कर सके इसलिए भी यह व्यवस्था की गई है।

साथ ही नदी-नालों के कारण कहीं आवागमन भी संभव नहीं हो पाता था। इसलिए लगातार कृषि कार्य में लगे किसान को चार माह तक खेती के साथ ही अध्यात्म ज्ञान प्राप्ति के लिए समय दिया गया है एवं इस समय में कथा, पुराण, वेद पाठ व धर्म-ग्रंथों पर विचार द्वारा धर्मावलंबियों को प्रेरित करने की परंपरा प्रारंभ की गई।

सभी हिन्दू धर्म स्थानों पर धार्मिक गतिविधियां दिखाई देती है। त्रिदेव ब्रह्मा-विष्णु-शिव में भगवान विष्णु को पालनहार माना गया है। व्यवहार दृष्टि से विचार करें तो किसान को विष्णु के समान सम्मान प्रदान किया गया है, क्योंकि हमारा जीवन अन्ना पर निर्भर होता है और अन्ना किसान ही पैदा करता है।

अत: किसान ही अन्नादाता है। चातुर्मास के समय में धर्म ज्ञान का लाभ ही नहीं वरन शरीर तथा मन को सबल बनाने की क्रियाएं भी शामिल की गई हैं।

-  

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें