शुक्रवार, 4 अप्रैल 2014

कसौटी पर खरे उतरेंगे हम: वसुंधरा

डीडवाना। मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने कहा कि राजस्थान की जनता ने पहले राजस्थान को बदला, अब यही जनता हिन्दुस्तान को भी बदलेगी। देश में परिवर्तन की लहर है। जनता नरेन्द्र मोदी के हाथों में देश की बागडोर सौंपने को आतुर है। अब देश से भी कांग्रेस की विदाई लगभग तय है।vasundhara raje addresses public rally in didwana
मुख्यमंत्री गुरूवार को नागौर लोकसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी सी. आर. चौधरी के समर्थन में डीडवाना के मिर्घा स्टेडियम में आयोजित जनसभा को सम्बोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि जनता ने प्रदेश से तो कांग्रेस की विदाई कर दी है, अब यही जनता भाजपा के पक्ष में मतदान कर देश से भी कांग्रेस की सरकार को हटाएगी।

उन्होंने कहा कि देश की जनता ने नरेन्द्र मोदी में सशक्त और मजबूत नेतृत्व देखा है। उन्होंने जिस तरह से गुजरात का चहुंमुखी विकास किया, निश्चित ही वे प्रधानमंत्री बनकर नया हिंदुस्तान बनाएंगे। वसुंधरा ने कहा कि इस चुनाव पर देश के साथ ही दुनिया की भी नजर है। खाड़ी देश व चीन भी मोदी की ही जीत को पक्का मान रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी सरकार ने देश के विकास का पैमाना ही बदल दिया। देश में चारों और सड़कों का जाल बिछाया। उसी तर्ज पर राजस्थान में भी हम ईस्ट-कोस्ट कोरिडोर बनाएंगे। इस पर काम चालू है। गांवों में गौरवपथ बनाए जाएंगे। सिंचाई-पानी की किल्लत दूर करने के लिए नहरों-नदियों को जोड़ने की योजना बनाई जा रही है।

रोजगार के लिए टेट की समीक्षा की जा रही है। इसके अलावा अधिक रोजगारों का सृजन हो, इसके लिए नया बोर्ड बनाएंगे। डॉक्टरों के रिक्त पदों को भरने के लिए योजना बनाई जा रही है। किसानों को 6.30 घंटे बिजली दी जा रही है। इसके अलावा बिजली की शीट भरने के 9 हजार प्रकरणों में पैसे भी किसानों को पुन: लौटाएंगे।

वसुन्धरा ने कहा कि हमारी सरकार ने नागौर जिले को हिमालय का मीठा पानी पिलाने की जो योजना बनाई थी, उसका दूसरा चरण प्रारम्भ हो चुका है। इससे समूचे जिले के सभी कस्बों और गांवों को मीठा पानी मिलेगा। उन्होंने कहा कि हम दुराग्रह की भावना से काम नहीं करते।

पूर्ववर्ती सरकार की योजनाओं की नए सिरे से समीक्षा कर उनकी खामियों को दूर किया जा रहा है, ताकि जनता को उनका लाभ मिलता रहे। भामाशाह योजना भी जल्द ही प्रारम्भ की जाएगी।

उन्होंने कांग्रेस पर बरसते हुए कहा कि सत्ता से बेदखल होते ही कांग्रेस कुप्रचार में जुट गई है। देश में भी कांग्रेस की गलत नीतियों से महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, आतंकवाद, नक्सलवाद, हिंसा सहित अनेक समस्याएं खड़ी हैं। -  

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें