सोमवार, 7 अप्रैल 2014

कांग्रेस के पेट में सबसे ज्यादा जहर: मोदी

नागौर। भाजपा के प्रधान प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को नागौर जिले के जायल कस्बे में हुंकार भरते हुए 300 से अधिक सीटों पर कमल खिलाकर दिल्ली भेजने की बात कही। मोदी कस्बे के मेला मैदान में नागौर लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी सीआर चौधरी के समर्थन में आयोजित आम सभा को संबोधित कर रहे थे।कांग्रेस के पेट में सबसे ज्यादा जहर: मोदी
कांग्रेस के पेट में सबसे ज्यादा जहर
मोदी ने कहा कि जब सरकार मजबूत बनती है तो अड़ोस-पड़ोस वाले भी चुप हो जाते हैं और लाइन पर आ जाते हैं।" मोदी ने अपने 26 मिनट के संबोधन में कांग्रेस पर भी तीखे प्रहार किए। उन्होंने राहुल गांधी को शहजादा संबोधित कर कहा कि उन्हें देश की जनता व सरकार से कोई लेना-देना नही है, कोई जिम्मेदारी उन पर है नहीं, और मजे ले रहे हैं। मोदी ने जनता से सीधा संवाद करते हुए कहा कि कांग्रेस के पेट में सबसे ज्यादा जहर है और मैडम सोनिया भाजपा पर जहर उगलने का आरोप लगा रही है।

पानी रोकने का पाप किसने किया
मोदी ने लाखा बणजारा का उदाहरण देते हुए कहा कि राजस्थान व गुजरात में जब हम कुएं व बावडियां देखते हैं तो लाखा बणजारा का नाम सबसे पहले लिया जाता है। क्योंकि उसने लोगों को पानी पिलाने के लिए कुएं व बावडियों का उनका निर्माण करवाया था। वसुंधरा राजे ने गत कार्यकाल में नागौर जिले के लोगों का दर्द समझते हुए नहरी पानी की योजना बनाई, लेकिन गहलोत सरकार ने आपका पानी रोक दिया। इस दौरान मोदी ने जनता से सवाल करते हुए कहा कि "आपका पानी किसने रोका?" जवाब मिला, कांग्रेस ने। मोदी ने कहा, "पानी रोकने का यह पाप किसने किया?"जवाब मिला, "कांग्रेस ने।" इसके बाद मोदी ने कहा कि जो जनता के हक को छीन ले, ऎसी सरकार को एक बार नहीं, सात पीढ़ी तक सजा देनी चाहिए।

कांग्रेस को कोई नहीं बचा सकता
मोदी ने कहा कि याद रखें कांग्रेस के कार्यकाल में जुर्म बढ़े। अब उसका बचना मुश्किल है। मोदी ने जनता से पूछा, "है कोई नाम जो कांग्रेस को बचा सके, है कोई नेता जो कांग्रेस को बचा सके। जिन लोगों में पार्टी को बचाने का दम नहीं, वे देश को क्या बचाएंगे।" मोदी ने कहा कि दिल्ली में जो सरकार है उसका जाना तय है। अब यह आपको तय करना है कि उन्हें विदाई कैसी देनी है। कांग्रेस को ऎसी विदाई देनी है कि सात पीढ़ी तक हिन्दुस्तान को ऎसे बुरे दिन देखने को नहीं मिले।

ये रहे उपस्थित
सभा के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय सचिव व प्रदेश प्रभारी भूपेन्द्र यादव, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, लोकसभा प्रत्याशी सीआर चौधरी मुख्य मंच पर उपस्थित रहे, जबकि जिले के सार्वजनिक निर्माण मंत्री युनूस खान, ऊर्जा मंत्री गजेन्द्रसिंह, सहकारिता मंत्री अजयसिंह किलक, विधायक मानसिंह किनसरिया, मनोहरसिंह राठौड़, हबीबुर्रहमान, विजयसिंह चौधरी, श्रीराम भिंचर, सुखराम नेतडिया, डॉ. मंजू बाघमार, जिला प्रमुख बिन्दू चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष हरीश कुमावत, डॉ. सहदेव चौधरी, दुर्गसिंह चौहान, रूपाराम मुरावतिया, बिरमदेवसिंह जैसास, जगबीर छाबा, लोकसभा प्रभारी राजकुमार रिणवा आदि दूसरे मंच पर बैठे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें