शुक्रवार, 27 अप्रैल 2012

थार के तेल भंडार देश में अव्वल

थार के तेल भंडार देश में अव्वल

बाड़मेर। राजस्थान के बाड़मेर बेसिन में उपलब्ध पेट्रोलियम भंडार भारत में सबसे ज्यादा तेल उत्पादन की क्षमता रखते हैं। नवीनतम आंकलन के मुताबिक केयर्न इंडिया द्वारा संचालित बाड़मेर बेसिन में 7.3 अरब बैरल तेल के भंडार है। ये भंडार डेढ़ करोड़ टन तेल का उत्पादन कर सकते हैं।

ताजा आंकलन के बाद इन भंडारों की कुल क्षमता में 12 प्रतिशत की बढोतरी हुई है। 3.1 अरब बैरल के भंडारों का विस्तृत अन्वेषण होना शेष है। गत सप्ताह ही थार में काला सोना उगल रहे तेल भंडारों ने एक नया मील का पत्थर हासिल किया था। 2009 में शुरू हुए पेट्रोलियम उत्पादन ने गत शुक्रवार पौने दो लाख बैरल तेल प्रतिदिन के नए कीर्तिमान को छू लिया था।

वर्तमान में बाड़मेर का मंगला तेल क्षेत्र लगभग डेढ़ लाख और भाग्यम् क्षेत्र 25 हजार बैरल तेल का उत्पादन प्रतिदिन कर रहा है। बाड़मेर में अब तक खोजे गए 25 तेल-गैस क्षेत्रों में ये दो फील्ड सबसे बड़े है। भाग्यम् से उत्पादन 19 जनवरी को शुरू किया गया। रागेश्वरी से भी उत्पादन की शुरूआत 8 मार्च को की गई। जानकारी के मुताबिक ऎश्वर्या तेल क्षेत्र में क्षेत्र विकास कार्य प्रगति पर है और इस वर्ष के अंत तक वहां से उत्पादन शुरू हो जाएगा।

गत सप्ताह ही ब्लॉक के कुल तेल भंडारों को नए सिरे से घोषित किया गया था। अब तक राजस्थान के बाड़मेर ब्लॉक में उपस्थित तेल भंडार 6.5 अरब बैरल माना जा रहा था। वहीं पुन: आंकलन के बाद अब कुल भंडार 7.3 अरब बैरल तेल माना जा रहा है।

संभावनाएं मजबूत है-
केयर्न और ओएनजीसी संयुक्त उपक्रम ने राजस्थान से तेल उत्पादन का महत्वपूर्ण पड़ाव 1.25 लाख बैरल तेल प्रतिदिन के साथ प्राप्त कर लिया है। राजस्थान में उन्नत तेल प्राप्ति के सकारात्मक परिणाम, एक्सप्लोरेशन संभावनाओं का पुन: आंकलन तथा भंडारों का आंकलन 3 लाख बैरल तेल प्रतिदिन की बेसिन संभावना को मजबूत करता है। -राहुल धीर, प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी,केयर्न इंडिया

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें