रविवार, 17 जुलाई 2011

कांग्रेस फिर से बनाएगी सरकार: गहलोत

जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि कार्यकर्ताओं के दम पर ही सरकार बनती है। उन्होंने कहा कि मेरी सबसे बड़ी उपलब्धि यह होगी कि प्रदेश में फिर से कांग्रेस की सरकार बने। कांग्रेस कार्यकर्ता फिर से चुनाव की तैयारियों में जुट जाए। सरकार के फैसलों की जानकारी सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को होनी चाहिए। रविवार को पीसीसी में कांग्रेस के जिला और ब्लॉक अध्यक्षों के सम्मेलन में गहलोत ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी विचारधारा व सिद्धांतों पर चलने वाली पार्टी है, कांग्रेस ने कभी विचारधारा के साथ समझौता नहीं किया है। भाजपा ने हमेशा सत्ता प्राप्ति के लिए जनता को गुमराह किया है, देश में सांप्रदायिक ताकतें जिनकी न नीति है और ना ही कार्यक्रम हैं, षडय़ंत्र कर सत्ता पर काबिज होना चाहती हैं।

15 अगस्त से होंगे राजनीतिक सम्मेलन : चंद्रभान
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. चंद्रभान ने कहा कि पार्टी संगठन को और अधिक गतिशील बनाने के लिए हम सबको एकजुट होकर काम करना होगा। कांग्रेस के बुराड़ी अधिवेशन में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के आह्वान पर अब प्रदेश में आगामी 15 अगस्त से 15 दिसंबर के बीच सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों में राजनीतिक सम्मेलन कराए जाएंगे। इन सम्मेलनों में कांग्रेस के सिद्धांत व नीतियों, यूपीए सरकार और राज्य की कांग्रेस सरकार की उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी। प्रदेश कार्यकारिणी, जिला व ब्लॉक कांग्रेस कार्यकारिणी का गठन शीघ्र ही कर दिया जाएगा,उसके बाद प्रदेश में प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन होगा। प्रदेश, जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के गठन के साथ ही ग्राम पंचायत एवं वार्ड स्तर पर कमेटियों का गठन कर कांग्रेस संगठन का विस्तार किया जाएगा।

ब्लॉक स्तर तक बनेंगे कांग्रेस कार्यालयों के भवन :
बैठक में यह फैसला किया गया कि प्रदेश में सभी जिला और ब्लॉक स्तर पर जहां पर पार्टी मुख्यालय नहीं है वहां जल्द पार्टी मुख्यालय बनाए जाएंगे। इस काम के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी जिला मुख्यालय के लिए 5 लाख रुपए की सहायता देगी। बैठक से पहले मुंबई बम धमाके में मारे गए लोगों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें