गुरुवार, 23 जून 2011

प्रेम प्रसंग.....एक युवक की हत्या




 हत्या कर शव सड़क पर फेंका, आरोपी फरार
धारदार हथियार से गले सहित शरीर के अन्य भागों में वार करने से हुई युवक की मौत 

 भीनमाल बीती रात कुछ अज्ञात लोगों ने शहर के एक युवक की हत्या कर उसका शव जुंजाणी गांव में सड़क पर फेंक दिया। घटना की जानकारी बुधवार अल सवेरे लगी। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग का बताया जा रहा है। युवक और एक युवती के बीच प्रेम प्रसंग था। युवती की शादी हो जाने के बाद भी दोनों के बीच बातचीत होती थी। पुलिस के अनुसार इसी कारण से उसकी हत्या कर दी गई। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया और साथ ही पुलिस दल गठित कर आरोपियों की तलाश में अलग अलग जगहों पर दबिश दी गई।
थाना प्रभारी दलपतसिंह भाटी ने बताया कि मंगलवार रात्रि को अज्ञात लोगों ने घांचियों का चौहटा भीनमाल निवासी अमृतलाल (20) पुत्र सोना राम माली की हत्या कर शव निकटवर्ती जुंजाणी गांव में निंबावास जाने वाली ग्रेवल सड़क पर डाल दिया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण प्रेम-प्रसंग का मामला सामने आया है। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी बुधवार अल सुबह मिली। जिस पर पुलिस उप अधीक्षक जयपाल सिंह यादव, थानाधिकारी दलपतसिंह भाटी, चौकी प्रभारी हजूर खां और एएसआई रेवत सिंह मय पुलिस दल मौका स्थल पहुंचे। जहां युवक का शव पड़ा हुआ था।
हत्या का कारण प्रेम-प्रसंग का मामला

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह पूरा मामला प्रेम प्रसंग का माना जा रहा है। जिसके कारण युवक की हत्या की गई। मृतक अमृतलाल का जालोर निवासी हॉल भीनमाल की एक लड़की से प्रेम-प्रसंग था। जिसकी शादी इसी माह जालोर में हुई है। इसके बाद भी दोनों के बीच बातचीत का दौर जारी था। जिसके कारण युवक की हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार पूरी घटना का अभी खुलासा होना बाकी है, लेकिन आरोपी जालोर के बताए जा रहे हैं। घटना से पूर्व आरोपी मंगलवार को दिनभर मोटरसाइकिल पर मृतक के साथ शहर में घूमते देखे गए। जो मृतक के पहचान वाले बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार मृतक अमृतलाल पिछले 3-4 साल से मदुराई में प्राइवेट नौकरी करता था। करीब दो माह पूर्व भीनमाल आया था। बुधवार को पुन: मदुराई जाने का कार्यक्रम तय था, लेकिन इससे पूर्व ही उसकी हत्या कर दी गई।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें