मंगलवार, 21 जून 2011

जेएनवीयू कुलपति प्रो. नवीन माथुर का निधन



जोधपुर। जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन माथुर का मंगलवार सुबह देहांत हो गया। वे 68 वर्ष के थे। सोमवार सुबह से उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं था, उन्हें पेट दर्द की शिकायत के चलते उन्हें सोमवार सुबह अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। वहां से उन्हें शाम छुट्टी दे दी गई थी। लेकिन मंगलवार सुबह फिर तबीयत बिगड़ी तथा उन्हें गोयल अस्पताल ले जाया गया। कुछ देर इलाज के बाद उनका देहांत हो गया। शाम 5 बजे कुलपति निवास से उनकी शवयात्रा रवाना होगी, जिसमें मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के शामिल होने की भी संभावना है।
प्रो. माथुर की सुबह करीब 5 बजे तबीयत बिगड़ गई थी। उन्हें गोयल अस्पताल ले जाया गया, जहां कुछ देर इलाज के बाद उनका निधन हो गया। उनके निधन के समाचार मिलते ही विश्वविद्यालय के शिक्षक कर्मचारी, संबद्ध कॉलेजों के स्टॉफ व समाजसेवी संस्थाओं के अलावा कांग्रेस नेता भी कुलपति निवास एकत्र होना शुरू हो गए।

मृत्यु की खबर मिलते ही मेयर रामेश्वर दाधीच, पूर्व विधायक जुगल काबरा, प्रो. आरएल माथुर, सिंडीकेट सदस्य प्रो. चैनाराम चौधरी, डॉ. डूंगरसिंह खींची, शिक्षक संघ अध्यक्ष प्रो. गुलाबसिंह चौहान, कर्मचारी संघ के अध्यक्ष मोहन सिंह भाटी, सहायक कर्मचारी संघ के अध्यक्ष अशोक व्यास सहित कई कर्मचारी नेता, छात्रसंघ पदाधिकारी, एनएसयूआई व एबीवीपी पदाधिकारी उनके निवास पर पहुंचे।

ज्ञात रहे कि प्रो. माथुर ने कुलपति के रूप में 28 नवंबर 2009 को कार्यभार संभाला था। यह पहले ऐसे कुलपति थे, जिन्होंने शिक्षा जेएनवीयू से हासिल करने के बाद यही असिस्टेंट प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर व प्रोफेसर के रूप में कार्य कर सेवा निवृत हुए तथा बाद में कुलपति बने। वे मैनेजमेंट विभाग के अध्यक्ष भी रह चुके थे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें