शुक्रवार, 24 जून 2011

दिल्ली पहुंचे भारतीय नाविक

नई दिल्ली।। सोमालिया के समुद्री लुटेरों द्वारा 10 महीनों तक बंधक बनाए गए जहाज एमवी सूएज के क्रू मेंबर्स में शामिल 6 भारतीय शुक्रवार को दिल्ली पहुंच गए। सभी भारतीय कराची से दुबई-दिल्ली फ्लाइट से राजधानी पहुंचे। दिल्ली पहुंचने के बाद एयरपोर्ट पर परिवार वालों से मिलकर ये लोग भाव-विभोर हो गए।

इजिप्ट के जहाज एमवी सूएज पर सवार इन 22 लोगों को सोमाली लुटेरों ने 10 महीने तक बंधक बनाए रखा था। फिरौती के बदले मोटी रकम देने के बाद ही लुटेरों ने इन्हें आजाद किया। बंधकों की रिहाई में पाकिस्तान के मानवाधिकार कार्यकर्ता और पूर्व संघीय मंत्री अंसार बर्नी की कोशिशों ने अहम भूमिका निभाई है। 22 लोगों में से 11 इजिप्ट के नागरिक, चार पाकिस्तानी और एक श्रीलंकाई शख्स भी था।

विदेश मंत्री एस एम कृष्णा ने भारतीय नाविकों की सुरक्षित वतन वापसी के लिए पाकिस्तान को शुक्रिया अदा किया है। उन्होंने इस मदद के लिए पाकिस्तानी नेवी की तारीफ भी की।

इससे पहले पाकिस्तानी नौसैनिक जहाज पीएनएस जुल्फिकार एमवी सूएज के 22 क्रू मेंबर्स को लेकर गुरुवार को कराची पहुंचा। इसके कराची पहुंचते ही रिहा हुए लोगों का भाव विभोर होकर स्वागत किया गया। इस्लामाबाद में भारतीय हाई कमिशन के काउंसिलर सुहेल ऐजाज खान ने जहाजियों को रिसीव किया। सिंध के गवर्नर इशरत उल एबाद खान ने कहा कि हमारी ओर से प्यार का इजहार किया गया है। हमें उम्मीद है कि भारत भी बदले में ऐसा ही करेगा। 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें