शनिवार, 25 जुलाई 2020

कृषि राज्यमंत्री कैलाश चौधरी ने की मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के राजभवन घेराव वाले बयान की आलोचना

प्रदेश का आमजन और किसान परेशान, गहलोत सरकार होटल में बिरियानी खाने और स्विमिंग पूल की मौज-मस्ती में व्यस्त : केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी

कृषि राज्यमंत्री कैलाश चौधरी ने की मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के राजभवन घेराव वाले बयान की आलोचना

बाड़मेर

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री कैलाश चौधरी ने राजभवन के घेराव वाले सीएम अशोक गहलोत के बयान की निंदा की है। कृषि राज्यमंत्री कैलाश चौधरी ने कहा कि बार-बार लोकतंत्र की दुहाई देने वाले तथाकथित गांधीवादी व्यक्ति को यह शोभा नहीं देता। संवैधानिक पद राज्यपाल की अपनी मर्यादा है और उस मर्यादा को बनाए रखते हुए आचरण करने की जिम्मेदारी हम सबकी है।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयान "राजस्थान की जनता आकर राजभवन का घेराव करेगी, फिर आप उसका दोष हमें मत दीजिएगा।" इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी ने कहा कि प्रदेश का आमजन और किसान परेशान है। कोरोना का संकट और आपराधिक घटनाएं बढ़ रही है। दूसरी तरफ राजस्थान की कांग्रेस सरकार होटल में बैठकर बिरियानी खाने और स्विमिंग पूल की मौज-मस्ती में व्यस्त है। एक जिम्मेदार नागरिक होने के नाते जनता के दर्द को देखकर मन में दुःख होता है।

इस मामले में हाईकोर्ट के निर्णय पर टिप्पणी से इनकार करते हुए श्री कैलाश चौधरी ने कहा कि भाजपा नेताओं ने तो कहा था कि मुख्यमंत्री गहलोत लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं का जिस तरह गला घोंट रहे हैं। इन सब विषयों पर कोर्ट को संज्ञान लेना चाहिए। इसीलिए कोर्ट ने उस दिशा में अपना सही निर्णय लिया है। कृषि राज्यमंत्री चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस नेता बिना किसी तर्क और तथ्य के अपने घर की लड़ाई का ठीकरा भाजपा और राज्यपाल पर फोड़ रहे है। यह परंपरा निश्चित रूप से निंदनीय और चिंतनीय है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें